काले रंग के दुपट्टे से लटका मिला विवाहिता का शव, 2022 में हुई थी लव मैरिज, ससुराल वालों पर हत्या का आरोप!
घटना के बाद पुलिस ने छबीली कुमारी की हत्या के आरोप में उसके पति महादेव सिंह भोक्ता को गिरफ्तार कर लिया जबकि ससुराल पक्ष के अन्य लोग घर छोड़कर फरार हो गए।
हजारीबाग जिले के कटकमसांडी थाना क्षेत्र के हटकोना जंगल क्षेत्र में एक शव बरामद किया गया। शव की पहचान हटकोना निवासी महादेव सिंह भोक्ता की पत्नी छबीली कुमारी (22 वर्ष) के रूप में की गई। शव काले दुपट्टे से पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलने पर कटकमसांडी थाना प्रभारी प्रशांत कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम एएसआई नवीन रजक के सहयोग से घटनास्थल पर पहुंची और प्रारंभिक जांच की। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को पेड़ से उतारकर कटकमसांडी थाना लाया गया।
छबीली कुमारी पिता संजय भुंइया कटकमसांडी थाना क्षेत्र के ग्राम लखनु के छलटा की निवासी थी। छबीली का लव मैरेज वर्ष 2022 के जुलाई माह में कटकमसांडी थाना क्षेत्र के हटकोना निवासी महादेव सिंह भोक्ता पिता शिवनाथ सिंह भोक्ता के साथ हुई थी। जुलाई माह में छबीली और महादेव को ग्रामीणों ने हटकोना जंगल में ही आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा था। इस घटना के बाद छबीली ने महादेव सिंह से शादी करने की जिद की, लेकिन महादेव सिंह के माता-पिता इस शादी के खिलाफ थे। इस संबंध में छबीली कुमारी और उसकी मां ने कटकमसांडी थाने में यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के बाद महादेव सिंह भोक्ता ने अपने परिवार की इच्छा के विरुद्ध जाकर छबीली कुमारी से कटकमसांडी चट्टी स्थित शिव मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर ली।
छबीली कुमारी 15 सितंबर की शाम 5:00 बजे से लापता थी। उसके लापता होने की जानकारी एक दिन बाद उसके पति महादेव सिंह भोक्ता ने अपनी सास मालती देवी को दी। जानकारी मिलते ही परिजन तलाश में जुट गए थे। 17 सितंबर को उसने कटकमसांडी थाना में दोपहर एक बजे के करीब अपनी बेटी की गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया था। इसी बीच महादेव सिंह भोक्ता भी अपनी पत्नी के लापता होने की जानकारी देने के लिए कटकमसांडी थाना पहुंचा।
इसी बीच पुलिस को जंगल में एक लड़की का शव लटकता हुआ मिलने की सूचना मिली और पुलिस ने संदेह के आधार पर उसे पूछताछ के लिए थाने में हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। सूचना के बाद उसे हिरासत में ले लिया गया। मालती देवी ने शव की पहचान अपनी बेटी छबीली कुमारी के रूप में की और अपने दामाद महादेव सिंह भोक्ता, उनके पिता शिवनाथ सिंह भोक्ता और अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ प्राथमिक शिकायत दर्ज कराई।
घटना के बाद पुलिस ने छबीली कुमारी की हत्या के आरोप में महादेव सिंह भोक्ता को गिरफ्तार कर लिया, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घर छोड़कर भाग गये। उधर, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हजारीबाग भेज दिया।
News – Vijay Chaudhary
powered by Advanced iFrame free. Get the Pro version on CodeCanyon.