गुमला, 19 मई 2025 | गुमला जिला मुख्यालय के रामनगर मोहल्ले में बीती रात कार चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई, जहाँ चोरों ने कार से आकर एक घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो गाड़ी को निशाना बनाया और उसे लेकर चंपत हो गए। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
घटना शनिवार देर रात लगभग 1:55 बजे की बताई जा रही है, जब अज्ञात चोरों का गिरोह सफेद रंग की स्कॉर्पियो (मॉडल S3, पंजीकरण संख्या JH-07H-1738) को रामनगर से चुराकर फरार हो गया। कार मनोज कुमार सिंह के भाई विनोद कुमार के नाम पर पंजीकृत है।
मनोज कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात करीब 10:30 बजे उन्होंने कार को अपने घर के बाहर पार्क किया था और सोने चले गए। जब रविवार सुबह उठकर बाहर आए, तो कार गायब थी। इसके बाद उन्होंने तुरंत गुमला सदर थाना को सूचना दी।
पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज की सहायता से जांच शुरू की। फुटेज में देखा गया कि चोर गिरोह ने पहले कार का बोनट खोला, फिर लॉक तोड़कर कार को स्टार्ट किया और चुपचाप लेकर निकल गए। पूरे घटनाक्रम में चोरों की तैयारी और सटीक योजना दिखाई देती है।
गुमला एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने जानकारी दी कि इस चोरी को अंजाम देने वाले गिरोह की पहचान की जा रही है और बहुत जल्द उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इस संबंध में मनोज कुमार सिंह ने गुमला सदर थाना में एक प्राथमिकी दर्ज कराई है और कार की शीघ्र बरामदगी की मांग की है।
न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया







