गुमला, 4 सितम्बर – गुमला थाना क्षेत्र के वसुआ पतरा में मिले चंपा उरांव की हत्या का राज खुल गया है। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर आरोपी नेयाशीद बक्स को गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया।
शराब पार्टी से हत्या तक का घटनाक्रम
जानकारी के अनुसार, फोरी निवासी नेयाशीद बक्स और मृतक चंपा उरांव मंगलवार की शाम एक साथ शराब पीने के बाद मछली पकड़ने पतरा की ओर गए थे। देर रात दोनों को साथ देखा गया था। अगले दिन चंपा उरांव का शव बरामद हुआ, जिसकी गला दबाकर हत्या की गई थी।
ब्लूटूथ स्पीकर बना विवाद का कारण
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि चंपा उरांव के पास एक ब्लूटूथ स्पीकर था, जिसे उसने मांगा। स्पीकर देने से इनकार करने पर दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हो गई। इसी दौरान गुस्से में आकर नेयाशीद बक्स ने तौलिया से चंपा उरांव का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की जांच टोटो बीट पुलिस टीम ने की। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर नेयाशीद बक्स को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया







