न्यूज – कहकशां फारूकी
गोमिया—गोमिया थाना क्षेत्र में घर में घुसकर नकदी और मोबाइल चोरी करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरीकांड में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी का मोबाइल, घटना में इस्तेमाल किए गए औजार तथा कुल 45 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
इस संबंध में गोमिया थाना की ओर से 25 नवंबर 2026 को जारी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांड संख्या 135/26, दिनांक 8 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305/331(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था। स्वांग निवासी संदीप कुमार सिंह ने अज्ञात चोरों के खिलाफ घर में घुसकर पैसा और मोबाइल चोरी करने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
मामले के उद्भेदन के लिए गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार महतो के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में करण कुमार उर्फ लालजी पासी (19 वर्ष), लखिया पासी उर्फ मुंडला (20 वर्ष) और किशन पासी उर्फ गोपी पासी (22 वर्ष) शामिल हैं। तीनों स्वांग क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से ओप्पो कंपनी का एक मोबाइल, दो पेचकस, लोहे का एक रॉड, एक छेनी और एक तार कटर प्लास बरामद किया है। इसके अलावा करण कुमार के पास से 30 हजार रुपये तथा लखिया पासी के पास से 15 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। इस प्रकार कुल 45 हजार रुपये की बरामदगी हुई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ एवं मामले में संलिप्त अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
छापेमारी दल में थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार महतो, अनुसंधानकर्ता बिसरा बाड़ा, पुलिस अवर निरीक्षक अरुण कुमार, विनोद कुमार मुंडा, सुरेश टोप्पो सहित आरक्षी अरुण राम, नर्वदेश्वर राम और सुनील यादव शामिल थे।







