17.1 C
Ranchi
Wednesday, November 18, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaझारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर विद्यालयों में विविध शैक्षणिक...

झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर विद्यालयों में विविध शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन

गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया 

विद्यार्थियों में झारखंड की गौरवशाली विरासत, जनजातीय संस्कृति एवं राज्य के विकास के प्रति जागरूकता का संचार

विरासत, प्रगति एवं आकांक्षाओं का उत्सव अंतर्गत परिचर्चा, शपथग्रहण, निबंध, पेंटिंग, क्विज एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम

विद्यार्थियों को अपनी विरासत पर गर्व करने, अपनी प्रतिभा को पहचानने और विकसित झारखंड के निर्माण में सहभागी बनने का संदेश

गुमला : – गुमला जिला में झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह 2026 के अवसर पर जिले के सभी विद्यालय में 17 से 20 नवंबर 2026 तक विरासत, प्रगति एवं आकांक्षाओं के उत्सव अंतर्गत
विभिन्न शैक्षणिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।

कार्यक्रम के तहत प्रतिदिन विद्यालयों की प्रातःकालीन प्रार्थना सभा में विशेष सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इन सत्रों में झारखंड राज्य के गठन का इतिहास, महापुरुषों एवं वीर सपूतों का योगदान, जनजातीय विरासत, समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाजों तथा राज्य की विकास यात्रा पर विशेष परिचर्चा की जा रही है।

इसके साथ ही विद्यार्थियों को झारखंड की गौरवशाली विरासत के संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा, सामाजिक सद्भाव, शिक्षा एवं राज्य के विकास में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। प्रतिदिन विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा झारखंड के गौरव, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं उज्ज्वल भविष्य के निर्माण हेतु सामूहिक संकल्प एवं शपथ भी ली जा रही है।

विद्यालय स्तर पर आयोजित गतिविधियों के अंतर्गत पेंटिंग प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता, क्विज प्रतियोगिता तथा नृत्य, गायन, ड्रामा, कथावाचन सहित अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।

इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा, ज्ञान, अभिव्यक्ति एवं सांस्कृतिक कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। साथ ही झारखंड की जनजातीय परंपराओं, लोककला, लोकगीत, लोकनृत्य, प्राकृतिक संपदा एवं ऐतिहासिक धरोहर के प्रति सम्मान और गौरव की भावना विकसित करने पर विशेष बल दिया जा रहा है।

डीईओ कविता खलखो ने बताया कि विद्यालय स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों के उपरांत सभी प्रखंड में 25 नवंबर 2026 को प्रखंड स्तरीय तथा जिला स्तर पर 27 नवंबर को जिला मुख्यालय में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें पेंटिंग, निबंध, क्विज, नृत्य, गायन, ड्रामा, कथावाचन एवं अन्य सांस्कृतिक गतिविधियाँ शामिल होंगी। सभी विद्यालयों से इन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई है। विद्यालय अपने संकुल एवं प्रखंड संसाधन केंद्र के सीआरपी बीआरपी तथा प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी से संपर्क कर आवश्यक जानकारी एवं समन्वय प्राप्त कर सकते हैं।

डीएसई नूर आलम खां ने बताया कि इन आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों में अपनी सांस्कृतिक पहचान के प्रति गौरव, रचनात्मकता, सामाजिक एकता, पर्यावरण संरक्षण एवं राज्य के विकास में सहभागी बनने की भावना को प्रोत्साहित करना है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments