गुमला (बिशुनपुर): सरकारी नौकरी हासिल करने की लालसा ने गुमला जिले के बिशुनपुर थाना क्षेत्र के गूंगा टोली गांव में रिश्तों को शर्मसार कर दिया। 22 वर्षीय विवेक उरांव की हत्या उसके सौतेले भाई रितिक उरांव ने अपने माता-पिता और पिता के एक दोस्त की मदद से कर दी। मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
हत्या का खुलासा मृतक की मौसी ने किया
इस हत्याकांड का पर्दाफाश उस वक्त हुआ जब मृतक विवेक की मौसी कमल कच्छप ने बिशुनपुर थाना में एक लिखित आवेदन देकर हत्या की आशंका जाहिर की। उन्होंने अपने आवेदन में बताया कि सरकारी नौकरी की लालच में आकर विवेक के सौतेले भाई ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर इस साजिश को अंजाम दिया।
चारों आरोपी भेजे गए जेल
शिकायत मिलते ही बिशुनपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विवेक उरांव के सौतेले भाई रितिक उरांव, सौतेली मां बसंती देवी, सौतेले पिता अशोक खेरवार और पिता के मित्र रॉकी बरवा को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। चारों के खिलाफ विधिवत कानूनी प्रक्रिया अपनाई गई और न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद उन्हें गुमला जेल भेज दिया गया।
पुलिस कर रही है आगे की छानबीन
पुलिस का कहना है कि इस मामले में अन्य कोणों की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक साक्ष्य यही इशारा कर रहे हैं कि सरकारी नौकरी के लाभार्थी के तौर पर विवेक को हटाना ही हत्या का मकसद था। पुलिस द्वारा इस मामले में आगे की पूछताछ जारी है ताकि साजिश के सभी पहलुओं को उजागर किया जा सके।
न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया







