गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया
गुमला : – गुमला उपायुक्त दिलेश्वर महतो की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के अंतर्गत जिले में संचालित एवं प्रस्तावित विकास योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न कॉरपोरेट संस्थानों के सहयोग से संचालित योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन एवं समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला प्रशासन को सीएसआर मद के तहत विभिन्न कंपनियों के सहयोग से आवंटित कुल 18 परियोजनाओं की समीक्षा की गई। बताया गया कि सीसीएल , सीआईएल , जेएसबीसीएल , हिंडाल्को एवं स्टार यूनियन दाई-इची लाइफ के सहयोग से संचालित अधिकांश योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। इनमें कामडारा एवं चैनपुर में ओपन एयर जिम, मंजीरपाठ, जलहान एवं नकटीझरिया में सोलर माइक्रोग्रिड, दिव्यांगजनों के लिए मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, चुरहू में पीसीसी सड़क एवं गार्ड वॉल, द्वितीय गुमला लिटरेचर फेस्टिवल, 24×7 डिजिटल लाइव क्लासरूम तथा डुमरी के करमडोन एवं सिरसी में मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र शामिल हैं।
हिंडाल्को द्वारा सीधे संचालित सीएसआर गतिविधियों की समीक्षा के दौरान स्वास्थ्य एवं पोषण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी गई। इसके तहत सदर अस्पताल का सौंदर्यीकरण एवं बर्न यूनिट का जीर्णोद्धार, जिले के टीबी मरीजों को पोषण किट तथा 168 कुपोषित बच्चों को विशेष पोषण ( ए टी एच आर ) किट उपलब्ध कराने जैसे कार्य शामिल हैं। इसके अतिरिक्त सरकारी विद्यालयों में पुस्तकालय एवं स्मार्ट क्लासरूम, आंगनवाड़ी केंद्रों का उन्नयन, दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के कार्य किए जा रहे हैं।
बैठक में हिंडाल्को के सीएसआर सहयोग से संचालित छह 108 एम्बुलेंस की सेवा पर भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि इन एम्बुलेंस की उपलब्धता एवं संचालन संबंधी जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यकता के अनुरूप विशेषकर माइनिंग क्षेत्रों में इनके प्रभावी उपयोग की व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें। इसके साथ ही जिले के दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बेहतर बनाने के उद्देश्य से बाइक एम्बुलेंस की व्यवस्था किए जाने की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।
शिक्षा एवं पेयजल सुविधा के संबंध में हिंडालको CSR क्षेत्र अंतर्गत लगभग 40 विद्यालयों में पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ( पीएचईडी ) एवं हिंडालको के प्रतिनिधियों को संयुक्त पहल करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विद्यालयवार आवश्यकता का आकलन कर प्राथमिकता के आधार पर कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो सके।
बैठक में सुड लाइफ द्वारा डुमरी प्रखंड के आकासी पंचायत में नए विद्यालय भवन, चांदवल, गनीदरा एवं अंबाटोली के विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षा कक्ष एवं शौचालय निर्माण तथा नए समाहरणालय परिसर में 1,500 लीटर क्षमता वाले वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई।
वहीं,ओएनजीसी के प्रस्तावित सीएसआर कार्यों के तहत पालकोट एवं बिशुनपुर प्रखंड में सिंचाई एवं जल संरक्षण से संबंधित आठ योजनाओं तथा जिले के विभिन्न प्रखंडों में 17 नए आंगनवाड़ी केंद्र भवनों के निर्माण की भी समीक्षा हुई। इनमें सोलर डीप बोरिंग, तालाब निर्माण एवं चेक डैम जैसे कार्य शामिल हैं।
उपायुक्त ने कहा कि सीएसआर के माध्यम से जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, पेयजल, सिंचाई एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने, लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने तथा पूर्ण हो चुकी योजनाओं का नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि सीएसआर के तहत प्रस्तावित नई योजनाओं का चयन स्थानीय आवश्यकताओं एवं जनहित को ध्यान में रखकर किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।
बैठक में उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन, जिला योजना पदाधिकारी गुमला सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं सीएसआर से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित थे।







