27.1 C
Ranchi
Wednesday, July 1, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaगुमला जिले के 995 मतदान केंद्रों पर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान...

गुमला जिले के 995 मतदान केंद्रों पर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान का शुभारंभ

गुमला (ब्यूरो प्रमुख ) – गणपत लाल चौरसिया

मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए नागरिकों ने बढ़-चढ़कर निभाई सहभागिता

गुमला : राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सोमवार से गुमला जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-एसआईआर) 2026 अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह अभियान 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में संचालित किया जाएगा।

अभियान के प्रथम दिन जिले के सभी 995 मतदान केंद्रों पर निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों तथा अन्य संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में बूथ लेवल ऑफिसरों (बीएलओ) और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस दौरान मतदाता सूची के अद्यतन, पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने, त्रुटियों के सुधार एवं आवश्यक प्रपत्रों से संबंधित जानकारी लोगों को दी गई। बड़ी संख्या में नागरिक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचे और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाई।

विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न विद्यालयों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने मतदाता जागरूकता रैलियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा चित्रकला, भाषण, निबंध एवं अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताओं के माध्यम से शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची के महत्व और लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी की आवश्यकता को समझा और अपने विचार व्यक्त किए।

इसी क्रम में राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक राज्यव्यापी सोशल मीडिया हैशटैग अभियान का भी आयोजन किया गया। #JharkhandSIR2026 हैशटैग के माध्यम से गुमला जिले के नागरिकों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई।

इस डिजिटल जागरूकता अभियान में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, शिक्षक, विद्यार्थी, सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, राजनीतिक दलों के सदस्य तथा आम नागरिकों ने पोस्टर, वीडियो और जागरूकता संदेश साझा कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई।

जिला प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे 30 जून से 29 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान के दौरान बीएलओ द्वारा किए जाने वाले डोर-टू-डोर सर्वे में सहयोग करें तथा मतदाता सूची में अपने नाम एवं अन्य विवरणों का सत्यापन अवश्य कराएं। साथ ही नए नाम जोड़ने, संशोधन कराने और आवश्यक प्रपत्र समय पर जमा कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading