26.3 C
Ranchi
Saturday, July 4, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaगुमला के आम्रपाली आम ने भरी अंतरराष्ट्रीय उड़ान, दुबई को एक मीट्रिक...

गुमला के आम्रपाली आम ने भरी अंतरराष्ट्रीय उड़ान, दुबई को एक मीट्रिक टन आम का हुआ निर्यात

गुमला (ब्यूरो प्रमुख ) – गणपत लाल चौरसिया

गुमला :- गुमला जिला प्रशासन एवं पलाश झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS), गुमला के संयुक्त तत्वावधान में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के वैधानिक निकाय एपीडा के सहयोग से आज जिले के कृषक उत्पादक संगठनों ( एफपीओ ) द्वारा उत्पादित उच्च गुणवत्ता के एक मीट्रिक टन आम्रपाली आम के संयुक्त अरब अमीरात (दुबई) को निर्यात का शुभारंभ किया गया।

समारोह में उपायुक्त दिलेश्वर महतो, उपविकास आयुक्त अनिमेष रंजन एवं भूमि सुधार उपसमाहर्ता राजीव ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर आम की खेप को रवाना किया।
निर्यात की इस पहल में जिले के दो कृषक उत्पादक संगठन गुमला रायडीह एग्री प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड एवं एमवीएम बघिमा पालकोट प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इन दोनों एफपीओ द्वारा उत्पादित आम्रपाली आम का निर्यात Fair Export (India) Pvt. Ltd. के माध्यम से दुबई, संयुक्त अरब अमीरात के लिए किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने दोनों प्रोड्यूसर कंपनियों से जुड़ी जनजातीय महिला कृषकों द्वारा मनरेगा अंतर्गत बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत आम बागवानी के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्थानीय कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराना जिले के किसानों की आय वृद्धि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने किसानों एवं एफपीओ को एपीडा की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन एवं निर्यात की संभावनाओं का अधिकतम उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

उल्लेखनीय है कि गुमला एफपीओ द्वारा प्रसिद्ध रिटेल फ्रेंचाइजी APNA MART के साथ आम्रपाली आम की बिक्री हेतु एकरारनामा किए जाने के पश्चात अब इस उत्पाद का अंतरराष्ट्रीय बाजार में निर्यात जिले के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह पहल स्थानीय कृषकों को वैश्विक बाजार से जोड़ने एवं कृषि आधारित आजीविका को नई दिशा प्रदान करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
कार्यक्रम में एपीडा की सहायक महाप्रबंधक अंजलि नेहा लकड़ा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक शैलेन्द्र जारिका, जेएसएलपीएस के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी, संबंधित एफपीओ के प्रतिनिधि तथा सदस्य उपस्थित थे।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading