25.9 C
Ranchi
Sunday, July 5, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaजिला स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल कप प्रतियोगिता 2026 का रोमांचक समापन

जिला स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल कप प्रतियोगिता 2026 का रोमांचक समापन

गुमला (ब्यूरो प्रमुख ) – गणपत लाल चौरसिया

गुमला : – गुमला जिला मुख्यालय में झारखंड शिक्षा परियोजना, गुमला के तत्वावधान में संत इग्नेशियुस उच्च विद्यालय, गुमला के जुबली स्टेडियम में आयोजित त्रिदिवसीय जिला स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल कप प्रतियोगिता–2026 का शनिवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रतियोगिता के दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से आई टीमों ने अनुशासित, संघर्षपूर्ण एवं खेल भावना से परिपूर्ण प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

अंतिम दिन अंडर-17 बालक वर्ग का फाइनल मुकाबला संत इग्नेशियुस उच्च विद्यालय, गुमला एवं उच्च विद्यालय, छारदा (सिसई) के बीच खेला गया। मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने तेज आक्रमण और सशक्त रक्षा का शानदार प्रदर्शन किया। पहले हाफ में दोनों टीमों ने कई बेहतरीन अवसर बनाए, लेकिन गोल करने में सफल नहीं हो सकीं। दूसरे हाफ में मुकाबला और अधिक रोमांचक हो गया। दर्शकों के लगातार उत्साहवर्धन के बीच संत इग्नेशियुस उच्च विद्यालय की टीम ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए लगातार दबाव बनाया तथा दो शानदार गोल दागकर मुकाबले को 4-0 से अपने नाम कर लिया। अंतिम सीटी बजते ही खिलाड़ियों और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।

जिला शिक्षा अधीक्षक नूर आलम खां एवं अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ज्योति खलखो ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना एवं खेल प्रतिभा को निखारने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने बताया कि अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग में संत पैट्रिक उच्च विद्यालय, गुमला तथा अंडर-15 बालक वर्ग में संत इग्नेशियुस उच्च विद्यालय, गुमला की टीम प्रमंडल स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता में गुमला जिले का प्रतिनिधित्व करेगी। उन्होंने सभी चयनित खिलाड़ियों को प्रमंडल स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने की शुभकामनाएँ दीं।

पूरे आयोजन के सफल संचालन एवं प्रतियोगिता को अनुशासित ढंग से संपन्न कराने में शारीरिक शिक्षक जितेंद्र कच्छप, अमित टोप्पो, बसंत कुमार साहू, उत्तम लकड़ा, श्यामानंद सिंह, कुमार अभिषेक, शिलानंद तिर्की, राकेश तिर्की, जगतपाल उरांव, अल्बन मिंज एवं संदीप अशोक मिंज सहित जिले के सभी शारीरिक शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके समन्वित प्रयासों से प्रतियोगिता का सफल एवं गरिमापूर्ण आयोजन सुनिश्चित हुआ।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading