24.1 C
Ranchi
Saturday, October 10, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaउपायुक्त की पहल पर गुमला को मिली एम्बुलेंस वैन, जारी प्रखंड के...

उपायुक्त की पहल पर गुमला को मिली एम्बुलेंस वैन, जारी प्रखंड के सुदूरवर्ती क्षेत्रों के नागरिकों को मिलेगी स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा

गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया 

आईडीबीआई बैंक ने सीएसआर मद के तहत जिला प्रशासन को सौंपी एम्बुलेंस वैन, समाहरणालय परिसर में उपायुक्त को सौंपी गई वाहन की चाबी एवं आवश्यक दस्तावेज

गुमला : – गुमला जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सुलभ बनाने की दिशा में जिला प्रशासन की पहल पर एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उपायुक्त दिलेश्वर महतो की पहल पर आईडीबीआई बैंक द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) मद के तहत गुमला जिला प्रशासन को एक एम्बुलेंस वैन उपलब्ध कराई गई है। यह एम्बुलेंस वैन जारी प्रखंड के लिए सुपुर्द की गई है, जिससे विशेष रूप से दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आवश्यकता के समय स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में सहायता मिलेगी।

इस अवसर पर समाहरणालय परिसर में उपायुक्त दिलेश्वर महतो एवं उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन की उपस्थिति में एम्बुलेंस वैन की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात आईडीबीआई बैंक के प्रतिनिधियों ने उपायुक्त दिलेश्वर महतो को एम्बुलेंस वैन की चाबी तथा वाहन से संबंधित आवश्यक कागजात एवं दस्तावेज सौंपे। आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत वाहन जिला प्रशासन को सुपुर्द किया गया।

जारी प्रखंड के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में भौगोलिक परिस्थितियों के कारण कई बार लोगों को समय पर स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यह एम्बुलेंस वैन जरूरतमंद मरीजों को स्वास्थ्य केंद्रों एवं अस्पतालों तक पहुंचाने में सहायक होगी। विशेषकर आपातकालीन परिस्थितियों में यह सुविधा ग्रामीण परिवारों के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। इसका उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को केवल जिला मुख्यालय तक सीमित न रखते हुए दूरस्थ गांवों में रहने वाले लोगों तक भी पहुंचाना है।

उपायुक्त दिलेश्वर महतो की पहल का उद्देश्य जिले के प्रत्येक क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा जरूरतमंद नागरिकों की समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाना है। एम्बुलेंस वैन की उपलब्धता इसी प्रयास का हिस्सा है, ताकि दूरी और दुर्गम रास्ते किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए समय पर चिकित्सा सहायता प्राप्त करने में बाधा न बनें।

इस अवसर पर सिविल सर्जन, गुमला शंभूनाथ चौधरी, एसीएमओ, आईडीबीआई बैंक के प्रतिनिधियों सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading