26.1 C
Ranchi
Sunday, October 11, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsHazaribaghविभावि में आयोजित होगा 11वां दीक्षांत समारोह

विभावि में आयोजित होगा 11वां दीक्षांत समारोह

न्यूज – विजय चौधरी

मितव्ययिता के नियम का कड़ाई से करें पालन’ : कुलपति प्रो. चंद्र भूषण शर्मा

विनोबा भावे विश्वविद्यालय में 11 वें दीक्षांत समारोह के आयोजन को लेकर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। हालांकि, अभी तक अंतिम रूप से लोकभवन सचिवालय ने किसी तिथि की पुष्टि नहीं की है। परंतु इतना स्पष्ट है कि यह आयोजन या तो अक्टूबर के अंतिम सप्ताह के आसपास अथवा नवंबर-दिसंबर माह में आयोजित होगा। बीते दिनों विनोबा भावे विश्वविद्यालय ने इस संबंध में प्रारंभिक औपचारिकताओं को पूरा करते हुए राजभवन से एक निश्चित तिथि के लिए आग्रह पत्र भेजा है।

ज्ञात हो कि पिछले वर्ष, वर्तमान कुलपति प्रो. चंद्र भूषण शर्मा के मार्गदर्शन में दिसंबर माह की 23 तारीख को दीक्षांत समारोह का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ था।

इधर, विश्वविद्यालय ने अपनी तैयारी प्रारंभ करते हुए महत्वपूर्ण समितियों के गठन की अधिसूचना जारी कर दी है। शुक्रवार को इस संबंध में विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, विभागाध्यक्षों तथा समितियों के संयोजकों की एक उच्च-स्तरीय बैठक कुलपति की अध्यक्षता में कुलपति सभागार में आयोजित की गई।

बैठक में विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. पंकज कुमार मांझी ने कुलपति को अब तक की तैयारी से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि स्वर्ण पदक एवं उपाधि हेतु फोल्डर आदि के क्रय की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। परीक्षा विभाग में ओएसडी डॉ इफ्शा खुर्शीद भी कई बिंदुओं की जानकारी दी।

अपनी ओर से कुलपति ने स्पष्ट किया कि जहाँ तक हो सके, मितव्ययिता का कड़ाई से पालन हो। कोई ऐसा खर्च न किया जाए जो गैर-जरूरी दिखे। अंग-वस्त्र के संबंध में के.बी. महिला महाविद्यालय के फैशन डिजाइनिंग विभाग से संपर्क करने की बात भी कही।

बैठक में विश्वविद्यालय के छात्र-कल्याण संकायाध्यक्ष डॉ. विकास कुमार, कुलसचिव श्री सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा, वित्त पदाधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार पॉल के अलावा बड़ी संख्या में संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष एवं विभिन्न समितियों के संयोजक उपस्थित हुए।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading