21.1 C
Ranchi
Tuesday, October 13, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaतकनीकी विभागों की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न - निर्माण और मरम्मत...

तकनीकी विभागों की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न – निर्माण और मरम्मत कार्यों में तेजी लाने के सख्त निर्देश

गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया 

गुमला : – गुमला जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय के सभागार में उपायुक्त दिलेश्वर महतो की अध्यक्षता में जिले के तमाम तकनीकी विभागों के साथ समीक्षात्मक बैठक संपन्न हुई। बैठक में उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, ग्रामीण कार्य विभाग, भवन प्रमंडल, लघु सिंचाई, जलपथ, पथ प्रमंडल, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल तथा जिला परिषद सहित विभिन्न कार्यपालक एवं तकनीकी अभियंताओं की उपस्थिति रही।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले में चल रही विभिन्न विकास एवं निर्माण योजनाओं की बिंदुवार प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि चूंकि मानसून अब पूरी तरह समाप्त हो चुका है, इसलिए मौसम की अनुकूलता को देखते हुए रुके हुए सभी निर्माण कार्यों को तत्काल गति प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आगामी त्योहारों के मद्देनजर आम जनमानस की सुविधा और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त ने घाघरा रोड सहित जिले की अन्य सड़कों पर बने सभी गड्ढों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल भरने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने डीएसपी रोड के किनारे नाली निर्माण कार्य में आ रही अड़चनों को दूर करते हुए निविदा प्रक्रिया को शीघ्र अंतिम रूप देने को कहा, ताकि जलजमाव की समस्या से नागरिकों को निजात मिल सके।
प्रशासनिक स्तर पर कर्मचारियों के आवासीय भवनों की स्थिति पर संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने भवन प्रमंडल को निर्देश दिया कि जिन सरकारी भवनों में कर्मचारी निवास करते हैं, उनके जीर्णोद्धार और सुदृढ़ीकरण के लिए अविलंब विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन ( डीपीआर ) तैयार किया जाए।
ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को दुरुस्त करने के क्रम में ग्रामीण कार्य विभाग को क्षतिग्रस्त व टूटे हुए पुल-पुलियों का स्थलीय निरीक्षण कर उनके त्वरित पुनर्निर्माण एवं मरम्मत का आदेश दिया गया। वहीं जल संरक्षण एवं सिंचाई सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जलाशय वाटर वेज की स्थिति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कतरी जलाशय के पानी को सुचारू रूप से अंतिम छोर तक पहुंचाने, जलाशय की आवश्यक मरम्मत कराने और उसकी समुचित सफाई के लिए त्वरित प्रभाव से डीपीआर तैयार करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
उपायुक्त ने सभी अभियंताओं को संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि जनहित की योजनाओं की गुणवत्ता और तय समय-सीमा पर विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि आम लोगों को विकास योजनाओं का सीधा और त्वरित लाभ मिल सके।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading