गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया
आवास, सड़क निर्माण एवं आंगनबाड़ी सेविका के नियुक्ति पत्र सहित विभिन्न मामलों को लेकर प्राप्त हुए आवेदन, उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश
गुमला : – गुमला जिला के आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज मंगलवार को उपायुक्त, गुमला दिलेश्वर महतो की अध्यक्षता में साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं दूर-दराज के क्षेत्रों से आए नागरिकों ने उपायुक्त के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं तथा उनके समाधान हेतु आवेदन सौंपे।
जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान मुख्य रूप से अंबेडकर आवास उपलब्ध कराने, जर्जर सड़क का निर्माण कराने, आंगनबाड़ी सेविका के पद पर चयन के बावजूद नियुक्ति पत्र नहीं मिलने सहित विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
इस क्रम में भरनो प्रखंड की संगीता कुमारी एवं सिसई प्रखंड की सुकनु देवी तथा शनिचरिया उरांव ने अंबेडकर आवास आवंटित कराने की मांग को लेकर आवेदन सौंपा। आवेदिकाओं ने अपने आवास की जर्जर एवं दयनीय स्थिति तथा आवास प्लस सर्वे की सूची में नाम नहीं होने की समस्या से उपायुक्त को अवगत कराया।
वहीं, गुमला प्रखंड के ग्राम अम्बोआ के ग्रामीणों ने सेमर मोड़ से केतारी नदी तक जर्जर सड़क का निर्माण कराने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति के कारण आमजनों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों एवं मरीजों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। विशेषकर बरसात के दिनों में मरीजों को मुख्य सड़क तक पहुंचाने के लिए खाट एवं डोली का सहारा लेना पड़ता है।
इसके अतिरिक्त सिसई प्रखंड की मनिता तिर्की ने ग्राम सभा द्वारा आंगनबाड़ी सेविका के पद पर चयन किए जाने के बावजूद अब तक नियुक्ति पत्र नहीं मिलने की समस्या को लेकर आवेदन दिया तथा इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया।
उपायुक्त ने प्राप्त आवेदनों का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। जन शिकायत निवारण दिवस के माध्यम से नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिलता है, जिससे समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को प्रभावी बनाया जा सके।
जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के निराकरण हेतु जन शिकायत निवारण दिवस में उपस्थित होकर अपनी बात रखें।







