गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया
सदर अस्पताल के ब्लड बैंक द्वारा निर्धारित तिथियों पर विभिन्न प्रखंडों में लगाए जाएंगे शिविर, रक्तदान के लिए आमजनों से की गई अपील
गुमला : – गुमला जिले में जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने एवं रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सदर अस्पताल, गुमला के ब्लड बैंक द्वारा जिले के विभिन्न प्रखंडों में रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, गुमला दिलेश्वर महतो द्वारा सभी संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को आवश्यक सहयोग एवं समन्वय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दिनांक 20 नवंबर 2026 को सदर प्रखंड, गुमला से रक्तदान शिविर की शुरुआत होगी। इसके पश्चात 21 नवंबर को सिसई, 23 नवंबर को घाघरा, 25 नवंबर को कामडारा, 27 नवंबर को चैनपुर एवं 30 नवंबर को रायडीह प्रखंड में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा।
इसी क्रम में 03 दिसंबर को बसिया, 05 दिसंबर को भरनो, 07 दिसंबर को बिशुनपुर, 09 दिसंबर को डुमरी/जारी तथा 11 दिसंबर 2026 को पालकोट प्रखंड में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।
उपायुक्त द्वारा सभी संबंधित प्रखंडों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि सदर अस्पताल, गुमला के ब्लड बैंक द्वारा आयोजित किए जा रहे इन रक्तदान शिविरों के सफल संचालन हेतु आवश्यक सहयोग एवं समन्वय सुनिश्चित करें।
जिले के सभी आमजनों, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों से अपील है कि वे इस जनहितकारी अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा स्वैच्छिक रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की सहायता करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। रक्तदान एक मानवीय कार्य है, जिससे जरूरत के समय किसी का जीवन बचाया जा सकता है।







