गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया
आवास लाभुकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने एवं योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करने पर दिया गया जोर
गुमला : – गुमला जिला में झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित साप्ताहिक कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत आज दिनांक 18 नवंबर 2026 को गुमला प्रखंड अंतर्गत पंचायत असनी के ग्राम नदी टोली में ग्रामीण आवास योजना के लाभुकों के लिए गृह प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपविकास आयुक्त, गुमला अनिमेष रंजन द्वारा अबुआ आवास योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभुकों को उनके नवनिर्मित आवासों में गृह प्रवेश कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपविकास आयुक्त ने आवास के लाभुकों से सीधा संवाद किया तथा उन्हें उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने आवास निर्माण के साथ अभिसरण के माध्यम से शौचालय निर्माण, विद्युत सुविधा, मानव दिवस सृजन एवं मजदूरी भुगतान आदि की स्थिति की जानकारी ली।
उपविकास आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण आवास योजना के प्रत्येक लाभुक को अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से भी जोड़ा जाए, ताकि आवास निर्माण के साथ-साथ उन्हें शौचालय, बिजली एवं रोजगार जैसी आवश्यक सुविधाओं का लाभ भी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं आपसी समन्वय के साथ पात्र लाभुकों तक सभी सुविधाएं पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
वहीं, राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित साप्ताहिक कार्यक्रम के तहत संचालित *’हर आवास एक पेड़’* अभियान के अंतर्गत गृह प्रवेश किए जा रहे आवासों के परिसर में उपविकास आयुक्त द्वारा पौधरोपण भी किया गया। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करना तथा प्रत्येक नवनिर्मित आवास के साथ हरियाली को बढ़ावा देना है।
उक्त कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी, गुमला, जिला समन्वयक ग्रामीण आवास, प्रशिक्षण समन्वयक PMAY-G, प्रखंड समन्वयक, गुमला, ग्राम पंचायत असनी के मुखिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित थे।







