गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया
उपायुक्त ने कामडारा के लचरा में किया एवोकाडो पौधरोपण, बामनडीह में बायो-इनपुट इकाई का किया उद्घाटन; किसानों को प्राकृतिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए किया प्रोत्साहित
गुमला : – गुमला जिला में झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा (15 से 28 नवंबर) के अवसर पर जिले में कृषि विविधीकरण, उद्यान विकास, प्राकृतिक खेती एवं किसानों की आय में वृद्धि को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न पहल की जा रही हैं। इसी क्रम में आज उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने कामडारा प्रखंड के कोनसा पंचायत अंतर्गत ग्राम लचरा में उद्यान विकास योजना के तहत एवोकाडो की खेती की शुरुआत करते हुए पौधरोपण किया। इसके पश्चात उन्होंने सरिता पंचायत अंतर्गत ग्राम बामनडीह में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थापित बायो-इनपुट इकाई का उद्घाटन किया।
*उच्च मूल्य वाली बागवानी फसल के रूप में एवोकाडो की खेती को मिलेगा बढ़ावा*
कामडारा प्रखंड के ग्राम लचरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने एवोकाडो के पौधे लगाकर जिले में इस नवीन बागवानी फसल की खेती को प्रोत्साहित करने की दिशा में पहल की। इस योजना के तहत कामडारा प्रखंड में लगभग 18 एकड़ तथा बसिया प्रखंड में 7 एकड़ भूमि पर एवोकाडो की खेती की जाएगी। इस प्रकार दोनों प्रखंडों में कुल 25 एकड़ भूमि पर एवोकाडो की खेती को बढ़ावा दिया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य किसानों को पारंपरिक फसलों के साथ-साथ उच्च मूल्य वाली बागवानी फसलों से जोड़ना, कृषि के क्षेत्र में विविधीकरण को प्रोत्साहित करना तथा उनकी आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित करना है। एवोकाडो जैसी संभावनाशील फलदार फसल को अपनाने से किसानों के समक्ष भविष्य में व्यावसायिक बागवानी के नए अवसर उपलब्ध हो सकेंगे। साथ ही जिले की भौगोलिक एवं कृषि संबंधी संभावनाओं के अनुरूप नई फसलों को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी।
इस अवसर पर उपायुक्त ने किसानों को नवीन कृषि पद्धतियों एवं उन्नत बागवानी तकनीकों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि कृषि के क्षेत्र में नवाचार और फसल विविधीकरण समय की आवश्यकता है। किसानों को पारंपरिक खेती के साथ नए विकल्पों को भी अपनाना चाहिए, ताकि उनकी आय में वृद्धि के साथ कृषि को अधिक लाभकारी बनाया जा सके।
*प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए बामनडीह में बायो-इनपुट इकाई का उद्घाटन*
इसके उपरांत उपायुक्त ने कामडारा प्रखंड के सरिता पंचायत अंतर्गत ग्राम बामनडीह में प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए स्थापित बायो-इनपुट इकाई का उद्घाटन किया। इस इकाई के माध्यम से किसानों को जैविक खाद, जैविक कीटनाशक एवं प्राकृतिक खेती में उपयोग होने वाले आवश्यक जैविक इनपुट तैयार करने तथा उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। इससे किसानों को रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों पर निर्भरता कम करने और कम लागत में टिकाऊ कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
उक्त इकाई के संचालन एवं प्राकृतिक खेती के प्रसार में स्थानीय महिला कृषक सावित्री दीदी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने प्राकृतिक खेती से संबंधित प्रशिक्षण प्राप्त किया है तथा अपने अनुभव एवं प्रशिक्षण के आधार पर आसपास के गांवों की महिलाओं एवं किसानों को जैविक खाद एवं जैविक कीटनाशक तैयार करने तथा इनके उपयोग के लिए प्रेरित कर रही हैं। उनके प्रयासों से क्षेत्र में प्राकृतिक खेती के प्रति किसानों की रुचि बढ़ रही है। स्थानीय स्तर पर इस पद्धति को अपनाने वाले किसानों द्वारा बेहतर उपज प्राप्त होने की जानकारी भी दी गई।
उपायुक्त ने बायो-इनपुट इकाई का निरीक्षण करते हुए प्राकृतिक खाद एवं जैविक कीटनाशकों की तैयारी तथा उनके उपयोग की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय महिला कृषकों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है। स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित महिलाओं के माध्यम से आसपास के गांवों तक प्राकृतिक खेती की तकनीकों का प्रसार किया जाना एक सकारात्मक पहल है।
*रासायनिक खेती के दुष्प्रभावों से बचाव एवं मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने में प्राकृतिक खेती महत्वपूर्ण*
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग से मिट्टी की गुणवत्ता एवं प्राकृतिक उर्वरता प्रभावित होती है। ऐसे में प्राकृतिक एवं जैविक खेती को अपनाना एक बेहतर विकल्प है। जैविक खाद और प्राकृतिक कृषि पद्धतियों के उपयोग से मिट्टी की उर्वरता को बनाए रखने एवं उसमें सुधार करने में सहायता मिलती है। साथ ही रासायनिक उत्पादों पर किसानों की निर्भरता एवं खेती की लागत को कम करने की दिशा में भी यह महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि बामनडीह में स्थानीय महिला कृषकों द्वारा प्राकृतिक खेती को अपनाने और आसपास के गांवों में इसका प्रचार-प्रसार करने का प्रयास सराहनीय है। इस प्रकार की पहल से अन्य किसान भी प्रेरित होंगे तथा धीरे-धीरे क्षेत्र में प्राकृतिक खेती का दायरा बढ़ेगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे जैविक खाद, जैविक कीटनाशक एवं प्राकृतिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर टिकाऊ खेती की दिशा में आगे बढ़ें।
उपायुक्त ने कहा कि गुमला जिले में कृषि एवं उद्यान के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ नवीन फसलों, उन्नत बागवानी तकनीकों एवं प्राकृतिक कृषि पद्धतियों से जोड़ा जाए। आने वाले समय में गुमला जिला कृषि के क्षेत्र में विभिन्न नवाचारों एवं उन्नत कृषि पद्धतियों के माध्यम से अपनी एक अलग पहचान स्थापित करेगा।
दोनों कार्यक्रमों के माध्यम से एक ओर जहां किसानों को एवोकाडो जैसी उच्च मूल्य वाली बागवानी फसल से जोड़ने की पहल की गई है, वहीं दूसरी ओर प्राकृतिक खेती के लिए स्थानीय स्तर पर जैविक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। ये पहल जिले में कृषि विविधीकरण, पर्यावरण अनुकूल खेती, मिट्टी की उर्वरता के संरक्षण तथा किसानों की आजीविका को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होंगी।
कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी, बसिया, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, कामडारा, प्रदान संस्था के प्रतिनिधि, उद्यान विभाग के तकनीकी विशेषज्ञ, स्थानीय जनप्रतिनिधि, महिला कृषक एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।







