गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया
गुमला : – गुमला जिला में नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा और बाजार में शुद्ध व मिलावटमुक्त खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुमला शहरी क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। जाँच के क्रम में कई दुकानदार आनन-फानन में अपनी दुकानों की व्यवस्था दुरुस्त करते दिखे।
यह छापेमारी उपायुक्त गुमला के कड़े निर्देश और अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी सह अभिहित अधिकारी डॉ. धनुर्जय सुम्ब्रई के मार्गदर्शन में संचालित की गई। अभियान का संयुक्त नेतृत्व खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी प्रकाश चंद्र गुग्गी, आशा राज एवं कुमार प्रभाकर ने किया।
निरीक्षण के दौरान मैसर्स हनुमान फ्लोर मिल से गेहूं के आटे का नमूना संग्रह करते हुए जाँच के लिए राज्य खाद्य जाँच प्रयोगशाला, नामकुम भेजा गया है। भारतीय खाद्य निगम, करौंदी के गोदाम के निरीक्षण के क्रम में फूड सेफ्टी लाइसेंस को प्रदर्शित करने के साथ अन्न का समुचित रख रखाव एवं कीट प्रबंधन की समुचित व्यवस्था रखने की सख्त हिदायत दी गई।
अधिकारियों ने होटल संचालकों एवं मिठाई दुकानदारों को स्पष्ट किया है कि मिठाइयों में किसी भी तरह की मिलावट, रासायनिक तत्व यथा औद्योगिक हाइड्रो या अखाद्य रंगों का उपयोग जनस्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बेकरी उत्पाद बनाने वाले प्रतिष्ठानों को अपने उत्पादों पर निर्माण तिथि के साथ एक्सपायरी – बेस्ट बिफोर डेट लिखने की सख्त हिदायत दी गई।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले और जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी खाद्य प्रतिष्ठान को बख्शा नहीं जाएगा तथा स्कूल या शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर में तम्बाकू एवं तम्बाकू उत्पादों की खरीद बिक्री पर कोटपा, 2003 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य प्रतिष्ठानों में नियमों की अनदेखी करने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की सुसंगत धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जाएगी और यह औचक निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।







