19.1 C
Ranchi
Wednesday, November 11, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsHazaribaghचार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम पर विनोबा भावे विश्वविद्यालय में मंथन, भारतीय ज्ञान...

चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम पर विनोबा भावे विश्वविद्यालय में मंथन, भारतीय ज्ञान परंपरा को मिलेगी विशेष जगह

हजारीबाग | 28 जुलाई 2025 — विनोबा भावे विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर दर्शनशास्त्र विभाग में सोमवार को एक उच्च स्तरीय बैठक का आयोजन हुआ, जिसका उद्देश्य नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम को और अधिक प्रभावी, समसामयिक एवं भारतीय मूल्यों से युक्त बनाना था।

यह बैठक विभागाध्यक्ष डॉ. विजय कुजूर की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें विश्वविद्यालय के विभिन्न स्नातकोत्तर एवं महाविद्यालयों से आए दर्शनशास्त्र विभाग के शिक्षकों ने भाग लिया। चर्चा का मुख्य केंद्रबिंदु था — पाठ्यक्रम में भारतीय ज्ञान परंपरा का समावेश करते हुए उसके पुनर्निर्माण की दिशा में ठोस पहल।

भारतीय दर्शन की गहराइयों को मिलेगा स्थान

बैठक में प्रस्ताव रखा गया कि आगामी पाठ्यक्रम में वेद, उपनिषद, बौद्ध, जैन दर्शन, भारतीय आश्रम व्यवस्था और नीतिशास्त्र जैसे विषयों को केंद्र में लाया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को भारतीय दर्शन की मौलिक जड़ों से परिचित कराया जा सके।

आने वाली बैठकों में और भी बिंदुओं पर होगी चर्चा

यह निर्णय भी लिया गया कि पाठ्यक्रम को व्यापक बनाने के लिए आगामी बैठकों में और भी नवीन बिंदुओं को जोड़ा जाएगा। अंतिम रूप से तैयार संशोधित पाठ्यक्रम को विश्वविद्यालय के नोडल अधिकारी के पास अनुमोदन हेतु भेजा जाएगा।

शिक्षकों ने किया सहभागिता का प्रदर्शन

इस अवसर पर विभाग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. अमित कुमार सिंह, डॉ. यामिनी सहाय, डॉ. जयप्रकाश आनंद, डॉ. जे.आर. दास, डॉ. राजकुमार चौबे, डॉ. प्रदीप कुमार एवं डॉ. ज्योति सिन्हा उपस्थित रहे। पाठ्यक्रम के निर्माण में डॉ. इंद्रजीत कुमार और डॉ. गंगानंद सिंह का भी विशेष योगदान रहा।

News – Vijay Chaudhary

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments