News – Vijay Chaudhary
हजारीबाग: विनोबा भावे के विचार आज के दौर में कितने प्रासंगिक हैं और उनके भूदान आंदोलन का विश्व शांति से क्या संबंध है? इन्हीं सवालों के इर्द-गिर्द बुधवार को विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग में छात्रों ने अपने विचार रखे। राजनीति शास्त्र और दर्शनशास्त्र विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ‘विनोबा भावे का जीवन-दर्शन और भूदान आंदोलन’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई।
यह कार्यक्रम विनोबा जयंती सप्ताह के तहत हुआ, जिसमें अलग-अलग विभागों के कुल 16 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
‘जय जगत’ के विचार से जोड़कर समझाया विनोबा का दर्शन
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष डॉ. बालेश्वर प्रसाद सिंह ने अपने संबोधन में गुरु-शिष्य परंपरा का उल्लेख करते हुए विनोबा भावे को महात्मा गांधी का नैतिक और आध्यात्मिक उत्तराधिकारी बताया।
उन्होंने कहा कि विनोबा भावे ने स्वतंत्र भारत में ‘जय हिंद’ के नारे को विस्तार देते हुए ‘जय जगत’ का विचार सामने रखा। उनके अनुसार विनोबा का दर्शन केवल भारत तक सीमित नहीं था, बल्कि उसका उद्देश्य व्यापक मानवीय कल्याण और विश्व शांति से जुड़ा था।
भूदान आंदोलन को बताया सशक्तिकरण का आंदोलन
भूदान आंदोलन की चर्चा करते हुए डॉ. सिंह ने इसे शोषण और पूंजीवाद के विरुद्ध सर्वहारा वर्ग के आधारभूत सशक्तिकरण से जुड़ा आंदोलन बताया। उन्होंने कहा कि विश्व शांति की संकल्पना तभी संभव है, जब समाज विनोबा भावे के बताए रास्ते को समझे और उस पर आगे बढ़े।
सात विभागों के छात्रों ने लिया हिस्सा
भाषण प्रतियोगिता में दर्शनशास्त्र, राजनीति शास्त्र, वनस्पति शास्त्र, फिजियोथेरेपी, योग, अर्थशास्त्र और शिक्षाशास्त्र विभाग के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के समन्वयक रिसर्च स्कॉलर राजेश कुमार और प्रतीक कुमार रहे। निर्णायक मंडल में डॉ. बीपी सिंह के अलावा हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. सुबोध सिंह शिवगीत, अंग्रेजी विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. ऋचा और शिक्षाशास्त्र विभाग के डॉ. मृत्युंजय प्रसाद शामिल रहे।
राजनीति विज्ञान विभाग के प्राध्यापक डॉ. अशोक कुमार और शोधार्थी फ़ज़ल ने आयोजन में केंद्रीय भूमिका निभाई।
गुरुवार को होगी निबंध प्रतियोगिता
कार्यक्रम की अध्यक्षता दर्शनशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. विजय कुजूर ने की। धन्यवाद ज्ञापन योग केंद्र के निदेशक डॉ. राजकुमार चौबे ने किया।
विनोबा जयंती सप्ताह के तहत इसी श्रृंखला में गुरुवार को निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें प्रत्येक विभाग से दो प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे।







