21.1 C
Ranchi
Wednesday, November 11, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaटेंगरिया खिजुर टोली में पुत्र ने पिता की लाठी से पीट-पीटकर हत्या,...

टेंगरिया खिजुर टोली में पुत्र ने पिता की लाठी से पीट-पीटकर हत्या, इलाके में सनसनी

गुमला : गुमला जिला के टेंगरिया खिजुर टोली गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पुत्र ने अपने ही पिता की लाठी से हमला कर हत्या कर दी। आरोपी पुत्र मारवाड़ी उरांव घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया, जिसके कारण पूरे क्षेत्र में दहशत और स्तब्धता फैल गई है।

ग्रामीणों के अनुसार मृतक कृष्णा महली और उसके पुत्र के बीच घरेलू विवाद अक्सर होते रहते थे। शनिवार को दोनों के बीच सरकारी राशन को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान मारवाड़ी उरांव ने अपने पिता के सिर पर लाठी से कई बार हमला किया, जिससे कृष्णा महली की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी पुत्र घर और गांव छोड़कर फरार हो चुका था। घटना की सूचना तत्काल पालकोट थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के निर्देश पर एसआई रामचंद्र यादव दलबल के साथ घटनास्थल पहुंचे और स्थानीय लोगों से पूछताछ की।

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया।

पालकोट थाना पुलिस ने आरोपी पुत्र मारवाड़ी उरांव की तलाश तेज कर दी है और संभावित स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी जल्द ही गिरफ्त में होगा।

इस घटना ने पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments