न्यूज – विजय चौधरी
युवा महोत्सव 2026 के आयोजन को लेकर हुआ विमर्श
विनोबा भावे विश्वविद्यालय के अंतर-महाविद्यालय युवा महोत्सव ‘झूमर 2026’ के आयोजन को लेकर स्नातकोत्तर कला एवं संस्कृति सोसाइटी के सदस्यों तथा अन्नदा महाविद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों की एक उच्च स्तरीय बैठक बुधवार को आयोजित की गई। विभावि राजनीति विज्ञान विभाग के पुस्तकालय कक्ष में आयोजित बैठक की अध्यक्षता सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. एस. जेड. हक ने की।
युवा महोत्सव के सुचारू प्रबंधन तथा सफल आयोजन के लिए नई समितियों तथा उप-समितियों के गठन पर सहमति बनी। विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष डॉ. विकास कुमार को पिछले वर्ष की भांति संयोजक बनाए जाने का प्रस्ताव लिया गया। मानवविज्ञान विभाग के अध्यक्ष तथा पीजी कला एवं संस्कृति सोसाइटी के उपाध्यक्ष डॉ. जॉनी रूफिना तिर्की को आयोजन सचिव तथा अन्नदा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नीलमणि मुखर्जी को समन्वयक बनाए जाने पर सहमति बनी।
ज्ञात हो कि इस वर्ष का आयोजन विभावि स्नातकोत्तर कला एवं संस्कृति सोसाइटी की मेजबानी में होना है, जहां अन्नदा महाविद्यालय को सह-मेजबान का दायित्व सौंपा गया है।
विभिन्न विधाओं के आयोजन स्थल का निर्धारण करते हुए प्रत्येक स्थल के लिए एक स्थल प्रमुख तथा समिति गठन पर चर्चा की गई। भोजन की व्यवस्था को डिजिटलाइज़ करने पर भी सहमति बनी।
तय हुआ कि महोत्सव से संबंधित विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के उपरांत इसे विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. चंद्र भूषण शर्मा तथा छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष डॉ. विकास कुमार के समक्ष मार्गदर्शन हेतु प्रस्तुत किया जाएगा। दिवाली से छठ पूजा की छुट्टियों के बाद पूरी समिति की एक वृहद् बैठक कुलपति की अध्यक्षता में आयोजित करने का प्रस्ताव भी तैयार किया गया।
बैठक में वाणिज्य के संकायाध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार अग्रवाल, स्नातकोत्तर कला एवं संस्कृति सोसाइटी के सचिव डॉ. सुकल्याण मोइत्रा, डॉ. नीरज दांग, डॉ. विनीता बांकीरा, डॉ. अमिता कुमारी, डॉ. कनुप्रिया गुप्ता तथा अन्नदा महाविद्यालय के डॉ. विवेक, डॉ. राजीव रंजन, डॉ. बब्बन डे तथा श्री श्रीकांत तिवारी उपस्थित हुए।







