21.1 C
Ranchi
Wednesday, November 11, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsHazaribaghहजारीबाग एसपी ने अपराध नियंत्रण को लेकर की समीक्षा बैठक, सभी थानों...

हजारीबाग एसपी ने अपराध नियंत्रण को लेकर की समीक्षा बैठक, सभी थानों को दिए सख्त निर्देश

हजारीबाग — जिले में बढ़ते अपराधों पर लगाम कसने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक (एसपी) हजारीबाग ने शनिवार को सभी थाना प्रभारियों और वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में संगठित अपराध, साम्प्रदायिक घटनाएं, महिला उत्पीड़न, आर्थिक अपराध और नशीले पदार्थों से जुड़े मामलों की गहन समीक्षा की गई।

एसपी ने स्पष्ट कहा कि अपराध पर नियंत्रण के लिए थाना स्तर पर प्रभावी निगरानी और त्वरित कार्रवाई अनिवार्य है। बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों को विभिन्न बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

संगठित अपराध पर कड़ी निगरानी

बैठक में एसपी ने संगठित अपराध से जुड़े सभी दर्ज मामलों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि जेल के अंदर और बाहर सक्रिय सभी अपराधियों पर नजर रखी जाए। उन्होंने थानों को निर्देशित किया कि ऐसे अपराधियों की गतिविधियों पर स्थायी निगरानी तंत्र स्थापित किया जाए।

संप्रदायिक घटनाओं के मामलों का शीघ्र निपटारा

पिछले तीन वर्षों में जिले में घटित संप्रदायिक घटनाओं से संबंधित सभी मामलों की समीक्षा की गई। इसके उपरांत, एसपी ने निर्देश दिया कि लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, जिससे जिले में सामाजिक सौहार्द बनाए रखा जा सके।

महिला उत्पीड़न मामलों पर विशेष ध्यान

महिला उत्पीड़न से जुड़े गंभीर आपराधिक मामलों पर भी चर्चा की गई। एसपी ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक स्तर पर कार्रवाई तेज करने के निर्देश देते हुए कहा कि पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए सख्त और संवेदनशील रवैया अपनाया जाए।

लूट, डकैती, हत्या जैसे आर्थिक अपराधों पर तुरंत कार्रवाई

बैठक में यह भी तय किया गया कि लूट, डकैती, हत्या जैसे आर्थिक अपराधों से जुड़े मामलों का त्वरित समाधान जरूरी है। सभी थाना प्रभारियों को प्रत्येक केस की गहन पड़ताल कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए।

नशा विरोधी अभियान को मिलेगी गति

NDPS एक्ट के तहत दर्ज मामलों की समीक्षा करते हुए एसपी ने कहा कि नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता अभियान चलाना भी अनिवार्य है। इसके लिए हर थाने को विशेष अभियान चलाने और स्थानीय लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने अंत में कहा कि अपराध नियंत्रण तभी संभव है जब थाना स्तर पर मजबूत निगरानी, समयबद्ध कार्रवाई और जनसहभागिता को प्राथमिकता दी जाए।

बैठक में सभी पुलिस पदाधिकारियों ने एसपी के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई।

News – Vijay Chaudhary

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments