18.1 C
Ranchi
Monday, November 23, 2026
Advertisement
HomeBest Newsआपकी लीला आप ही जानें लीलाधर...! बेरोजगारी से अपना पल्ला झाड़ा,...

आपकी लीला आप ही जानें लीलाधर…! बेरोजगारी से अपना पल्ला झाड़ा, ठीकरा फोड़ा कॉर्पोरेट जगत पर

लोगों को 12 साल बाद पता चला कि ये अवतारी व्यक्ति जिसे लोग ईश्वर समझने लगे थे वो देश बदलने नहीं, ड्रेस बदलने…नोट बदलने…नाम बदलने…फोटो खिंचवाने… डांस देखने…उदघाटन करने…झंडी दिखाने…ताली-थाली बजवाने और झूठ बोलने ही आया था. क्योंकि पिछले कुछ दिनों शहंशाह-ए-तबाही फुल एक्शन में हैं। विदेश यात्रा से लौटते ही उन्होंने पहली कैबिनेट की बैठक ली और फिर फिक्की की 100वीं वर्षगाँठ पर आधे घंटे से ज्यादा उद्योगपतियों को कोसते हुए नजर आए।

विडंबना देखिए कि नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने का श्रेय कोआपरेट लॉबी को ही जाता है. भाजपा की सरकार को फाइनेंस ही कोआपरेटिव लॉबी ने दिया. अगर नरेंद्र मोदी एंड कंपनी ने उसके पक्ष में पालिसी बनाई तो अहसान नहीं किये. ये उनकी ड्यूटी थी. जो लॉबी अरबों रुपये चंदा देगी. वो बाद में अपनी रिकवरी भी करेगी. सरकार उसको जबरदस्ती युवकों को नौकरी देने को बाध्य नहीं कर सकती.

साढ़े बारह साल बाद ‘सैंगोलधारी सम्राट’ ने आखिरकार मान ही लिया है कि वे वादे के मुताबिक दो करोड़ नौकरियाँ देने में नाकाम रहे हैं। वह भी कॉर्पोरेट घरानों को तमाम तरह की ‘स्पू्न फीडिंग’ के बावजूद। इसीलिए खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे के अंदाज में उन्हें उद्योगपतियों से कहना पड़ा है कि उनको कितना भी खिला दो आपका पेट भरता ही नहीं।

सभागार में उन्होंने अपने सामने बैठे हुए उद्योगपतियों से सीधे तौर पर कहा कि सरकार का बहुत जोर ईज ऑफ डूइंग बिजनेस पर रहा है। 2014 में बेसिक कॉरपोरेट टैक्स रेट 30% था। हमने मेहरबानी करके इसे कम कर 22% तक पहुँचा दिया। आज भारत में 12 लाख तक की कमाई पर कोई टैक्स नहीं है। मुझे मालूम है (इस पर) ताली नहीं बजाओगे। अच्छी तरह जानता हूँ…क्योंकि आपकी भूख इतनी है कि कितना ही खिलाओ पेट भरता नहीं है। मैंने तो 12 लाख इनकम टैक्स माफ कर दिया। क्या आपने अपने यहाँ कर्मचारियों की तनख्वाह बढ़ाई? क्या आपने अपने कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई? नहीं।

इस तरह से बेरोजगारी पर वे अपना पल्ला पूरी तरीके से झाड़ रहे हैं। वे साफ तौर पर यह कह रहे थे कि सारी जिम्मेदारी सिर्फ कॉर्पोरेट जगत की है। उनकी कोई जिम्मेदारी नहीं है। सारी कामयाबी का सेहरा उनके सर है और सारी नाकामयाबी का ठीकरा कॉर्पोरेट जगत के ऊपर है। वे दुनिया को दिखा रहे हैं कि देखिए मैंने तो अपनी तरफ से सब कुछ कर दिया। यह जो सामने बैठे हुए लोग हैं, इनका ही पेट नहीं भरता है।

अपने आलोचकों को हर तरह से परेशान करने वाले शहंशाह-ए-तबाही ने कहा कि बिना संकोच बिना झिझक मुझे खुल कर लिख भेजिए कि अभी भी क्या सुधार जरूरी हैं। लेकिन दुनिया यह अच्छी तरह से जानती है कि जो कोई भी लिखेगा-बोलेगा उसके साथ क्या हो सकता है, यह बताने की जरूरत नहीं है।

6 फरवरी, 2003 को नई दिल्ली में भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) के सम्मेलन में राहुल बजाज और गोदरेज समूह के जमशेद गोदरेज ने साहब से कुछ सीधे सवाल किए थे

राहुल बजाज की प्रमुख टिप्पणी थी कि आर्थिक विकास की दृष्टि से 2002 गुजरात के लिए लगभग एक खोया हुआ वर्ष रहा। उन्होंने यह भी जानना चाहा कि मोदी की राजनीतिक सोच और नेतृत्व के मूल सिद्धांत क्या हैं। मोदी ने इसका जवाब देने के बजाय उद्योगपतियों पर ही अपने विष-बुझे तीरों से आक्रमण करते हुए कहा था, “CII गुजरात के साथ अन्याय कर रहा है। उद्योगपति अपने ‘तथाकथित छद्म धर्मनिरपेक्ष मित्रों’ के साथ गुजरात आएँ और वहाँ के नागरिकों से बात करें।” इस घटना के बाद मोदी CII के एक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होने के बावजूद शामिल नहीं हुए।

वे यहीं नहीं रुके। उन्होंने गुजरात के कुछ उद्योगपतियों पर दबाव डालकर CII से अलग ‘Resurgent Group of Gujarat’ नामक संगठन बनवाया। इसमें गौतम अडाणी, निरमा के करसनभाई पटेल और टोरेंट के सुधीर मेहता जैसे उद्योगपति शामिल थे। नतीजतन CII के तत्कालीन महानिदेशक तरुण दास को मार्च 2003 में मोदी से मिलकर खेद व्यक्त करना पड़ा। यह सारा विवरण ‘कारवाँ’ में विनोद के. जोस की रिपोर्ट ‘बेताज बादशाह नरेन्द्र मोदी का उदय’ शीर्षक से 23 जनवरी, 2019 को प्रकाशित हुआ है, तो क्या ये कॉर्पोरेट जिनको बैठाकर विश्वगुरु यहाँ पर सबक सिखा रहे थे, अपनी जुबान खोलेंगे?

बहरहाल, श्रीमान जी मान रहे हैं कि वे रोजगार नहीं दे पा रहे हैं। वे यह भी मान रहे हैं कि जिस तरह से प्राइवेट सेक्टर को पूँजी निवेश करना चाहिए वह नहीं हो रहा है। उन्होंने कॉरपोरेट्स को कई सारे फायदे पहुँचाए लेकिन बदले में कॉरपोरेट्स ने कुछ नहीं दिया। यानी जो बात विपक्ष समेत हर कोई कहता रहा है, वही अब श्रीमान जी मान रहे हैं. लेकिन हठधर्मिता जारी रहेगी और बकवास भी.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments