गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया
गुमला : – गुमला जिला मुख्यालय स्थित परिसदन (सर्किट हाउस) में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग, भारत सरकार की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा ने प्रेस को संबोधित करते हुए बताया कि आगामी 23 नवंबर 2026 को गुमला जिले के घाघरा प्रखंड स्थित एस.एस. +2 उच्च विद्यालय मैदान में आयोजित होने वाले भव्य जनजातीय गौरव दिवस समारोह की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष अंतर सिंह आर्य एवं आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा शामिल होंगे।
इस भव्य समारोह में लगभग 10,000 जनजातीय समाज के लोगों की सहभागिता अपेक्षित है। कार्यक्रम के दौरान जनजातीय समाज के अग्रणी व्यक्तित्वों, समाज के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाले अगुवाओं तथा अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभाशाली व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
डॉ. आशा लकड़ा ने बताया कि इस आयोजन के माध्यम से जनजातीय समाज की समस्याओं एवं शिकायतों को सुनने और उनके समाधान की दिशा में भी विशेष पहल की जाएगी। इसके लिए कार्यक्रम स्थल पर राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग द्वारा विशेष शिकायत केंद्र स्थापित किया जाएगा। जनजातीय समाज के लोग अपनी विभिन्न प्रकार की शिकायतें एवं समस्याओं को सीधे आयोग के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगे।
इस अवसर पर आयोग के सचिव सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। शिकायत केंद्र में प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं को आयोग द्वारा संज्ञान में लेकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन जनजातीय समाज की समृद्ध परंपरा, संस्कृति, गौरवशाली विरासत एवं सामाजिक योगदान को सम्मान देने का अवसर है। साथ ही, जनजातीय समाज के संवैधानिक अधिकारों के संरक्षण, उनकी समस्याओं को सुनने तथा समाज के प्रेरणादायी व्यक्तित्वों को सम्मानित एवं प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।







