गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया
गुमला : – गुमला जिला में झारखंड स्थापना दिवस पर सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत परिवहन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, पंपलेट बांटकर दिलाई गई यातायात नियमों के पालन की शपथ।
गुमला, 23 नवंबर 2026: झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर मनाए जा रहे सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत सोमवार को गुमला जिले के कोनबीर नवाटोली मोड़ पर विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता सह वाहन जांच अभियान चलाया गया। यह कार्यक्रम उपायुक्त दिलेश्वर महतो एवं जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) सतेन्द्र महतो के निर्देशानुसार आयोजित किया गया।
गुलाब का फूल और पंपलेट देकर दिया सुरक्षा का संदेश
अभियान का नेतृत्व कर रहे मोटरयान निरीक्षक प्रदीप कुमार तिर्की और बसिया थाना प्रभारी कृष्णा कुमार ने यातायात नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को गुलाब का फूल भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान चालकों के बीच सड़क सुरक्षा से जुड़े पंपलेट बांटे गए और उन्हें सुरक्षित वाहन परिचालन की बारीकियां समझाई गईं।
नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, 57,500 रुपये का कटा चालान
जागरूकता के साथ-साथ यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की गई। बिना हेलमेट वाहन चलाने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों से कुल 57,500 रुपये का चालान वसूला गया। अधिकारियों ने दोपहिया चालकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की। मौके पर मौजूद चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई गई।
‘गुड समारिटन’ और ‘गोल्डन आवर’ की दी जानकारी
कार्यक्रम में आम लोगों और चालकों को सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद के लिए सरकार की ‘गुड समारिटन’ योजना और ‘गोल्डन आवर’ के महत्व से अवगत कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के बाद शुरुआती एक घंटा (गोल्डन आवर) बेहद निर्णायक होता है; इस दौरान घायल को समय पर चिकित्सा सहायता पहुंचाकर उसकी जान बचाई जा सकती है।
अंत में सभी से अपील की गई कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और दूसरों को भी प्रेरित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। इस मौके पर सड़क सुरक्षा प्रबंधक कुमार प्रभास, मंटू रवानी, रोड इंजीनियर एनालिस्ट प्रणय कांशी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान मौजूद रहे।







