गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया
कृषि भूमि एवं मिट्टी के स्वास्थ्य संरक्षण के साथ प्राकृतिक खेती को अपनाने की अपील, बागवानी के माध्यम से किसानों को आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष बल
गुमला : – गुमला जिला में झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत आज नगर भवन, गुमला में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, झारखंड सरकार के उद्यान प्रभाग द्वारा एम आई डी एच (मिशन फॉर इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट ऑफ हॉर्टिकल्चर) के अंतर्गत राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत ‘खेत बचाओ अभियान सह झारखंड उन्नत बागवानी की ओर’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को मिट्टी के स्वास्थ्य संरक्षण, प्राकृतिक खेती, आधुनिक कृषि तकनीकों एवं बागवानी आधारित आजीविका के अवसरों के प्रति जागरूक करने के साथ उनकी आय में वृद्धि के लिए तकनीकी जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान करने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के सचिव अबूबकर सिद्दीकी भी. उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में विभाग के निदेशक, उद्यान प्रवीण केरकेट्टा, उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी गुमला दिलेश्वर महतो, जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी सात्विक व्यास, शामिल हुए। कार्यक्रम में जिला परिषद उपाध्यक्ष, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी सहित विभिन्न संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
मिट्टी का स्वास्थ्य बचाना और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता : सचिव
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विभागीय सचिव अबूबकर सिद्दीकी पी. ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से दो महत्वपूर्ण गतिविधियों को एक साथ जोड़ा गया है। पहला, खेत बचाओ अभियान के जरिए कृषि भूमि एवं मिट्टी के स्वास्थ्य का संरक्षण तथा दूसरा, बागवानी क्षेत्र में कार्यरत किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों का प्रशिक्षण देना है।
उन्होंने कहा कि झारखंड में मिट्टी के अम्लीकरण की समस्या बढ़ रही है। मिट्टी की उर्वरता एवं स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए किसानों को प्राकृतिक खेती की ओर प्रेरित करना, जैविक एवं प्राकृतिक खाद का उपयोग बढ़ाना तथा रासायनिक उर्वरकों के असंतुलित प्रयोग को कम करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के असंतुलित उपयोग से मिट्टी में पोषक तत्वों का संतुलन प्रभावित होता है। इसलिए किसानों को संतुलित उर्वरक प्रबंधन एवं पारंपरिक प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग के प्रति जागरूक होना होगा। इससे न केवल मिट्टी की गुणवत्ता सुरक्षित रहेगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी कृषि भूमि की उर्वरता बनी रहेगी। स्वस्थ मिट्टी से उत्पादित पौष्टिक खाद्य पदार्थ मानव स्वास्थ्य एवं पोषण सुरक्षा के लिए भी महत्वपूर्ण हैं।
सचिव ने गुमला जिले की कृषि एवं कृषि आधारित गतिविधियों में उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि मिलेट उत्पादन के क्षेत्र में जिले ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। प्रधानमंत्री द्वारा ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भी गुमला जिले के मिलेट उत्पादन की सराहना की जा चुकी है। इसी प्रकार बसिया क्षेत्र में महिला सहकारी समूहों के माध्यम से अंडा उत्पादन की पहल भी उल्लेखनीय रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में अंडे की मांग के अनुरूप उत्पादन बढ़ाने की आवश्यकता है। इसके लिए महिला समूहों को जोड़कर अंडा उत्पादन का फेडरेशन विकसित करने की दिशा में पहल की जा रही है, ताकि मध्याह्न भोजन एवं आंगनबाड़ी केंद्रों की पोषण संबंधी आवश्यकताओं को स्थानीय स्तर पर उत्पादित अंडों से पूरा किया जा सके।
उन्होंने कहा कि झारखंड में फल एवं सब्जी उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं। विशेषकर गुमला, रांची एवं आसपास के क्षेत्रों में सब्जी उत्पादन की अच्छी स्थिति है। इसके अतिरिक्त एवोकाडो, ड्रैगन फ्रूट, अंजीर, स्ट्रॉबेरी जैसे उच्च बाजार मूल्य वाले फलों की खेती को भी बढ़ावा दिया जा सकता है। उन्होंने किसानों को क्लस्टर आधारित बागवानी अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि बड़े क्षेत्र में एक ही प्रकार की फसल का उत्पादन होने से बाजार उपलब्ध कराने, बड़े खरीदारों को आकर्षित करने तथा किसानों को बेहतर मूल्य दिलाने में सुविधा होगी।
सचिव ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि जिले की भौगोलिक एवं कृषि परिस्थितियों के अनुरूप 200, 300 अथवा 500 एकड़ तक के क्लस्टर आधारित बागवानी प्रस्ताव तैयार किए जाएं। राज्य सरकार किसानों को आवश्यक प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन एवं योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने मशरूम उत्पादन, मत्स्य पालन, मुर्गी पालन, बकरी पालन, सूकर पालन एवं डेयरी गतिविधियों को किसानों की अतिरिक्त आय का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। कहा कि किसान पारंपरिक खेती के साथ इन गतिविधियों को अपनाकर अपनी आय के स्रोतों का विस्तार कर सकते हैं। उन्होंने जल संरक्षण संरचनाओं का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। कहा कि खेतों में तालाब एवं जलस्रोतों का निर्माण तभी सार्थक होगा, जब उनका उपयोग सिंचाई, मत्स्य पालन एवं बहुफसली खेती के लिए किया जाए। किसानों को लिफ्ट इरिगेशन, सोलर सिंचाई, ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई जैसी सुविधाओं का लाभ लेकर उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर उपयोग करना चाहिए।
सचिव ने कहा कि कृषि, उद्यान, मत्स्य, पशुपालन, गव्य विकास एवं सहकारिता विभाग आपसी समन्वय एवं कन्वर्जेंस के माध्यम से कार्य करें, तो एक गांव और एक किसान परिवार की आर्थिक स्थिति में व्यापक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने किसानों से कार्यशाला में प्राप्त वैज्ञानिक एवं तकनीकी जानकारियों को अपने खेतों में अपनाने की अपील की। साथ ही कहा कि खेती में बेहतर परिणाम के लिए बीज चयन, मिट्टी की प्रकृति, सिंचाई, उर्वरक प्रबंधन, पौधों की देखभाल, कटाई, प्रसंस्करण एवं भंडारण तक प्रत्येक चरण में वैज्ञानिक पद्धति अपनाना जरूरी है।
बागवानी को आजीविका का मजबूत आधार बनाएं किसान : उपायुक्त
इस अवसर पर उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने कहा कि गुमला जिला मूलतः कृषि प्रधान जिला है, जहां बड़ी आबादी की आजीविका कृषि पर निर्भर है। यहां मुख्य रूप से वर्षा आधारित धान की खेती की जाती है। धान की फसल के बाद अन्य व्यावसायिक एवं वैकल्पिक खेती के पर्याप्त अवसर नहीं होने के कारण कई किसानों एवं ग्रामीणों को रोजगार की तलाश में पलायन करना पड़ता है। इस स्थिति में बागवानी, फल उत्पादन एवं सब्जी की खेती किसानों की आय बढ़ाने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने का प्रभावी माध्यम बन सकती है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा कृषि एवं उद्यान विभाग के सहयोग से जिले में नई-नई कृषि संभावनाओं पर काम किया जा रहा है। इसी क्रम में कामडारा एवं बसिया क्षेत्र में लगभग 10 हेक्टेयर भूमि पर एवोकाडो की खेती की शुरुआत की गई है। आने वाले समय में अमरूद, पपीता सहित अन्य फलदार फसलों की खेती को भी प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि किसान अपनी उपलब्ध कृषि भूमि का बेहतर उपयोग कर सकें और वर्षभर आय के अवसर प्राप्त कर सकें।
उपायुक्त ने किसानों से कार्यशाला में कृषि वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों द्वारा दी जा रही तकनीकी जानकारियों को गंभीरता से समझने तथा अपने खेतों में उनका प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने प्राकृतिक खेती के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पहले पारंपरिक कृषि पद्धतियों में प्राकृतिक संसाधनों एवं जैविक खाद का उपयोग किया जाता था। वर्तमान समय में मिट्टी की गुणवत्ता एवं कृषि भूमि के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने के लिए प्राकृतिक खेती की पद्धतियों को पुनः अपनाने की आवश्यकता है। रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों के अनावश्यक प्रयोग को कम करते हुए टिकाऊ एवं पर्यावरण अनुकूल कृषि व्यवस्था विकसित करना समय की मांग है।
उन्होंने कहा कि गुमला जिला कृषि के साथ-साथ मत्स्य पालन एवं अन्य कृषि आधारित गतिविधियों में भी अच्छी प्रगति कर रहा है। इन उपलब्धियों को और आगे बढ़ाने के लिए किसानों को पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक तकनीक एवं विविधीकृत कृषि गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है।
*आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक पद्धति से बागवानी को मिलेगा नया आयाम : निदेशक, उद्यान*
उद्यान विभाग के निदेशक, प्रवीण केरकेट्टा ने अपने संबोधन में कहा कि खेत बचाओ अभियान का मुख्य उद्देश्य कृषि भूमि एवं मिट्टी के स्वास्थ्य को संरक्षित करना है। झारखंड विशेषकर गुमला जिले की जलवायु एवं मिट्टी बागवानी फसलों के उत्पादन के लिए अनुकूल है। यहां पारंपरिक कृषि के साथ फल, फूल एवं अन्य उद्यानिकी फसलों के उत्पादन की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।
उन्होंने कहा कि किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती के साथ आधुनिक कृषि तकनीकों को भी अपनाना चाहिए। इसके लिए विभाग द्वारा ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणाली, पॉलीहाउस, शेडनेट हाउस, उच्च गुणवत्ता वाले पौधों का उत्पादन, वैज्ञानिक नर्सरी एवं वर्मी कंपोस्ट जैसी तकनीकों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके साथ ही फसल कटाई के बाद प्रसंस्करण, भंडारण एवं बाजार से जुड़ाव पर भी विशेष ध्यान देना आवश्यक है, ताकि किसानों को उनके उत्पादों का उचित मूल्य मिल सके तथा फसल की बर्बादी को कम किया जा सके। उन्होंने कहा कि विभाग किसानों को आवश्यक तकनीकी एवं योजनागत सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
*लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों एवं प्रोत्साहन राशि का वितरण*
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कृषि एवं बागवानी गतिविधियों से जुड़े लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों एवं प्रोत्साहन राशि का वितरण भी किया गया। मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले विभिन्न प्रखंडों के पांच से अधिक लाभुकों को उनके द्वारा 30 हजार रुपये से अधिक मूल्य का मशरूम उत्पादन करने के लिए चेक प्रदान किए गए। वहीं राष्ट्रीय बांस मिशन (National Bamboo Mission) के तहत वन प्रबंधन समितियों से जुड़े लाभुकों को बांस उत्पादन एवं खेती को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चेक वितरित किए गए।
*विभिन्न विभागों के स्टॉल का किया गया निरीक्षण*
कार्यक्रम स्थल पर कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, गव्य विकास एवं अन्य संबंधित विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे। मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि सहित उपस्थित पदाधिकारियों ने विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर विभागीय योजनाओं, कृषि उत्पादों एवं किसानों के लिए उपलब्ध तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के दौरान उद्यान विभाग द्वारा तैयार खेत एवं बागवानी से संबंधित तकनीकी एवं उपयोगी जानकारियों पर आधारित पुस्तक का विमोचन भी मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के कर-कमलों द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को मिट्टी संरक्षण एवं प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करने के साथ आधुनिक बागवानी तकनीकों, वैकल्पिक कृषि गतिविधियों एवं बाजारोन्मुख उत्पादन से जोड़ना रहा, ताकि गुमला जिले में कृषि आधारित आजीविका को सुदृढ़ करते हुए किसानों की आय में वृद्धि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान की जा सके।







