19.1 C
Ranchi
Wednesday, November 11, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaजिला समाज कल्याण विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित, सभी प्रमुख योजनाओं की...

जिला समाज कल्याण विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित, सभी प्रमुख योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा

गुमला : – गुमला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश के आलोक में आज उप विकास आयुक्त, गुमला दिलेश्वर महत्तो की अध्यक्षता में जिला समाज कल्याण विभाग की एक महत्त्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक समाहरणालय सभा कक्ष में आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं पोषण संबंधी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना था।

बैठक में पोषण ट्रैकर ऐप में लाभुकों की पंजीकरण स्थिति, आधार सत्यापन, वजन मापन, गृह भ्रमण रिपोर्ट, तथा सैम/मैम बच्चों से संबंधित अद्यतन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही परियोजना कुपोषण उपचार केंद्र (MTC) में भर्ती की स्थिति, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, सावित्री बाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, सेविका-सहायिका की रिक्तियों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों की आधारभूत संरचना पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले बच्चों के हीमोग्लोबिन स्तर और स्वास्थ्य स्थिति पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा सैम/मैम श्रेणी के बच्चों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, PVTG महिलाओं की नियमित एनीमिया जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

समीक्षा के दौरान यह भी निर्देशित किया गया कि सावित्री बाई फुले किशोरी समृद्धि योजना एवं मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में लाभुकों की संख्या बढ़ाने हेतु विशेष अभियान चलाया जाए। सभी LS और सेविकाओं को SUMMER App एवं पोषण ट्रैकर में समयबद्ध एंट्री सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया।

बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी , महिला पर्यवेक्षिकाओं, CDPO तथा अन्य संबंधित कर्मियों ने भाग लिया। उप विकास आयुक्त ने निर्देशित किया कि विभागीय योजनाओं की उपलब्धि दर को बढ़ाते हुए आम जनता तक इन योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुँचाना सुनिश्चित करें।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments