गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया
गुमला : गुमला जिला अंतर्गत स्थित समाहरणालय के सभागार में गुरुवार को उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी दिलेश्वर महतो (भा०प्र०से०) की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स, कारा सुरक्षा समिति, जिला स्तरीय एनकोर्ड (NCORD) समिति तथा जिला सड़क सुरक्षा समिति की संयुक्त समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारियों के साथ विगत बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन और अद्यतन कार्ययोजनाओं की गहन समीक्षा की गई।
*अवैध खनन व परिवहन पर जीरो टॉलरेंस की नीति*
खनन टास्क फोर्स की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर पूर्णतः अंकुश लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि एनजीटी प्रतिबंध समाप्ति के उपरांत संभावित अवैध बालू निकासी क्षेत्रों (हॉटस्पॉट), नदी पुलों के समीप तथा वन क्षेत्रों में सघन छापामारी अभियान चलाया जाए। बैठक में जानकारी दी गई कि 1 अप्रैल 2026 से 14 नवम्बर 2026 तक चलाए गए अभियानों में कुल 54 वाहन जब्त किए गए हैं, 30 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं और 10 लाख रुपये की राशि वसूल की गई है। वहीं, विगत एक माह (16 अक्टूबर से 14 नवम्बर 2026) के दौरान 12 वाहनों की विमुक्ति और 5 वाहनों के जब्ती के साथ 6.19 लाख रुपये का दंड वसूला गया है। उपायुक्त ने खनिज परिवहन करने वाले वाहनों में तिरपाल ढकने, वैध चालान रखने, ओवरलोडिंग रोकने तथा रिफ्लेक्टर व बैक लाइट की अनिवार्य जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त, कैटेगरी-2 के 18 बालूघाटों के संचालन हेतु ग्राम सभा की सहमति की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने, ईंट भट्ठों के लिए वैध अनुज्ञा पत्र सुनिश्चित करने तथा शेष बालू भंडारण स्थलों का सत्यापन शीघ्र पूरा करने को कहा गया।
*मंडल कारा की सुरक्षा एवं आधारभूत संरचना का सुदृढ़ीकरण*
कारा सुरक्षा की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने मंडल कारा, गुमला के नवनिर्मित विस्तारित खंड में सुरक्षा के दृष्टिकोण से इलेक्ट्रिक फेंसिंग का अधिष्ठापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही विस्तारित खंड स्थित 16 बेड के अस्पताल वार्ड की क्षतिग्रस्त नाली, पहुंच पथ के स्लैब, टूटे दरवाजे-खिड़कियों तथा जल निकासी पाइपों की तत्काल मरम्मत कराने को कहा गया। बैठक में यह भी बताया गया कि मंडल कारा की पुरानी चहारदीवारी, महिला वार्ड, संक्रामक रोग वार्ड व अस्पताल के जीर्णोद्धार तथा विस्तारित खंड के पूर्व दिशा में चहारदीवारी एवं 8 फीट के परिक्रमा पथ निर्माण हेतु प्रधान महालेखाकार, झारखंड से प्रशासनिक स्वीकृति एवं निधि प्राप्त हो चुकी है, जिस पर अविलंब कार्य प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया।
*नशा मुक्त गुमला के लिए सीमावर्ती चौकसी और स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता*
जिला स्तरीय एनकोर्ड (NCORD) समिति की समीक्षा में उपायुक्त ने मादक पदार्थों की तस्करी और अफीम की अवैध खेती पर कड़ा प्रहार करने का निर्देश दिया। उन्होंने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को छत्तीसगढ़ सहित अन्य सीमावर्ती राज्यों व जिलों से आने वाले संदिग्ध छोटे-बड़े वाहनों की प्रतिदिन सघन जांच करने को कहा। उत्पाद विभाग ने जानकारी दी कि 21 सितम्बर से 13 अक्टूबर 2026 तक चलाए गए छापामारी अभियान में 26 अभियोग दर्ज करते हुए 22 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है तथा भारी मात्रा में जावा महुआ, अवैध चुलाई और विदेशी शराब जब्त कर 72 हजार रुपये संधान शुल्क वसूला गया है। औषधि निरीक्षक द्वारा भी मेडिकल दुकानों की नियमित जांच और प्रतिबंधित कफ सिरप व एनडीपीएस दवाओं के संधारण की निगरानी की जा रही है। उपायुक्त ने शिक्षा विभाग और समाज कल्याण विभाग को निर्देशित किया कि कक्षा 8 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए विद्यालयों में जियो-टैग्ड जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएं तथा हाट-बाजारों और पंचायत स्तर पर जागरूकता वाहनों के माध्यम से नशापान के दुष्प्रभावों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
*सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु ब्लैक स्पॉट सुधार और सघन प्रवर्तन अभियान*
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जनवरी से अक्टूबर 2026 तक जिले में हुई 229 सड़क दुर्घटनाओं और उनमें हुई 213 मौतों पर उपायुक्त ने गहरी चिंता व्यक्त की। आंकड़ों के विश्लेषण में यह बात सामने आई कि 55 से 60 प्रतिशत दुर्घटनाएं दोपहिया वाहनों से जुड़ी हैं और इनमें अधिकांश मौतें बिना हेलमेट व तेज रफ्तार के कारण हुई हैं। गुमला, घाघरा, पालकोट, सिसई और बसिया थाना क्षेत्रों तथा ओडीआर व एनएच-23 मार्गों पर सर्वाधिक दुर्घटनाओं को देखते हुए उपायुक्त ने शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक हाईवे पेट्रोलिंग बढ़ाने और चिन्हित थानों में हर माह 15 दिनों का विशेष जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में तीन माह के लिए ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने, गलत दिशा में वाहन चलाने वालों को दो घंटे की ‘रोड सेफ्टी क्लास’ देने, दोनों सवारों के लिए हेलमेट अनिवार्य करने तथा ‘पटाखा बुलेट’ व तेज रोशनी वाली अवैध एलईडी लाइट्स को जब्त करने का आदेश दिया।
सड़क संरचना में सुधार के तहत एनएचएआई , पथ निर्माण विभाग और ग्रामीण कार्य विभाग को नागफेनी ब्रिज के अस्थायी संपर्क पथ की मरम्मत करने, सड़कों के गड्ढे भरने, क्षतिग्रस्त क्रैश बैरियर ठीक करने, जलजमाव की निकासी करने तथा घाघरा-नेतरहाट व आंजन धाम जैसे मोड़ों पर दृश्यता बाधित करने वाली झाड़ियों की छंटाई करने को कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को टोल प्लाजा और अस्पतालों में 24×7 एंबुलेंस व जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता रखने, वाहन चालकों के लिए निःशुल्क नेत्र जांच शिविर लगाने तथा ‘गोल्डन ऑवर’ में घायलों को अस्पताल पहुंचाने वाले मददगारों को 2,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि देने के प्रचार-प्रसार का निर्देश दिया गया। अंत में उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को अगली बैठक में डेटा-आधारित अनुपालन प्रतिवेदन के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया।
इस दौरान उक्त बैठक में मुख्य रूप से जिला वन संरक्षण पदाधिकारी सात्विक व्यास , डीसी एलआर राजीव कुमार, एसडीओ गुमला, एसडीओ बसिया, डीएसपी गुमला ( हेडक्वार्टर) , अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गुमला, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, जिला कारा सुरक्षा अधीक्षक, उत्पाद अधीक्षक सहित अन्य सम्बंधित पदाधिकारी एवं कर्मी बैठक में मौजूद रहें।







