गुमलाः जिला परिवहन पदाधिकारी ज्ञान शंकर जायसवाल के निर्देश पर गुमला जिले में सड़क सुरक्षा नियमों के अनुपालन को लेकर विशेष जागरुकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत विभिन्न थानों द्वारा बिना हेलमेट पकड़े गए मोटरसाइकिल चालकों को रोड सेफ्टी टीम द्वारा काउंसलिंग दी गई।
काउंसलिंग के दौरान लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई तथा वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट जैसे सुरक्षा उपकरणों के उपयोग के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। टीम ने बताया कि इन नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है और चालक सहित अन्य लोगों की जान की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।
जागरूकता कार्यक्रम में मुख्य रूप से सड़क सुरक्षा प्रबंधक कुमार प्रभाष, सूचना प्रौद्योगिकी सहायक मंटू रवानी और रोड इंजीनियरिंग एनालिस्ट प्रणय कांशी उपस्थित रहे।
न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया







