21.1 C
Ranchi
Wednesday, November 11, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaगुमला में 7 महिला समूहों को 80% अनुदान पर मिला ट्रैक्टर, किसानों...

गुमला में 7 महिला समूहों को 80% अनुदान पर मिला ट्रैक्टर, किसानों के बीच भी बांटे गए कृषि यंत्र

गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया

मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को मिला लाभ, विधायक भूषण तिर्की और उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने लाभुकों को सौंपे कृषि यंत्र

गुमला: खेती को आधुनिक बनाने और किसानों की मेहनत कम करने के उद्देश्य से गुमला में कृषि यंत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। गुरुवार को जिला कृषि विभाग कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना के तहत 7 महिला स्वयं सहायता समूहों को 80 प्रतिशत अनुदान पर ट्रैक्टर दिए गए। इसके अलावा 8 से अधिक किसानों के बीच विभिन्न प्रकार के कृषि यंत्रों का वितरण किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गुमला विधायक भूषण तिर्की और विशिष्ट अतिथि के रूप में उपायुक्त दिलेश्वर महतो मौजूद रहे। इस दौरान जिला परिषद अध्यक्ष किरण माला बाड़ा, उपाध्यक्ष संयुक्ता देवी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी अखिलेश कुमार, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी राम प्रकाश कुमार, भूमि संरक्षण पदाधिकारी अर्चना तिर्की और कृषि अभियंत्रण के सहायक अभियंता देवनाथ कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

महिला समूहों को खेती में आधुनिक संसाधनों से जोड़ने की पहल

विधायक भूषण तिर्की ने कहा कि भूमि संरक्षण विभाग के माध्यम से ट्रैक्टर और कृषि यंत्रों का वितरण होने से गांवों तक किसानों को इसका लाभ मिलेगा। सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने लाभुकों से अपील की कि उपलब्ध कराए गए कृषि यंत्रों का सही तरीके से उपयोग करें, ताकि खेती को गति मिले और किसान आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।

कम समय और कम श्रम में खेती करने में मिलेगी मदद

उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने कहा कि गुमला कृषि प्रधान जिला है और यहां बड़ी आबादी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से कृषि गतिविधियों से जुड़ी है। किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराने का मकसद खेती को आसान बनाना, कृषि क्षेत्र का विस्तार करना और उत्पादन क्षमता बढ़ाना है। इन संसाधनों की मदद से किसान कम समय और कम श्रम में बेहतर तरीके से खेती कर सकेंगे।

उन्होंने जिले में उपलब्ध जलाशयों और अन्य जलस्रोतों का बेहतर उपयोग करने पर भी जोर दिया। उपायुक्त ने किसानों से अपील की कि इन संसाधनों के जरिए खेती का दायरा बढ़ाएं और रबी के मौसम में भी अधिक से अधिक जमीन पर फसल लगाएं।

उपायुक्त ने महिला समूहों और किसानों से ट्रैक्टर व अन्य कृषि यंत्रों का सामूहिक और जिम्मेदारी के साथ इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आधुनिक संसाधनों की उपलब्धता से कृषि कार्यों की क्षमता बढ़ेगी और जिले में कृषि आधारित आजीविका के नए अवसर विकसित होंगे। जिला प्रशासन किसानों को जरूरी संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments