19.1 C
Ranchi
Friday, November 13, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaछठ महापर्व की तैयारियों को लेकर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न...

छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न छठ घाटों का किया संयुक्त निरीक्षण, सुरक्षा एवं सुविधाओं का लिया जायजा

न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया 

गुमला : – गुमला जिला में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में आज उपायुक्त गुमला दिलेश्वर महतो एवं पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमां ने संयुक्त रूप से जिला मुख्यालय एवं आसपास के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया।

इस दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने वन तालाब, मुरली बगीचा तालाब, भट्टी तालाब एवं नागफेनी नदी स्थित घाटों का दौरा कर छठ महापर्व की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में घाटों की साफ-सफाई, श्रद्धालुओं के आवागमन हेतु पहुंच पथ, घाटों की स्थिति, प्रकाश व्यवस्था, जलस्तर एवं सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया।

उपायुक्त ने छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित पदाधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने, आवागमन के रास्तों को सुगम बनाने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा जलाशयों में सुरक्षा के दृष्टिकोण से आवश्यक प्रबंध करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

वहीं पुलिस अधीक्षक ने पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण, भीड़ प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा से जुड़े पहलुओं का जायजा लिया। छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के घाटों पर पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रशासनिक समन्वय को महत्वपूर्ण बताया गया।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता गुमला, अनुमंडल पदाधिकारी (सदर), भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर ), नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि छठ महापर्व के अवसर पर जिले के सभी प्रमुख छठ घाटों पर स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि छठव्रती एवं श्रद्धालु निर्बाध रूप से भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments