गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया
गुमला : – गुमला जिला में – आगामी 15 नवंबर को झारखंड राज्य स्थापना दिवस एवं राज्य सरकार गठन की वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर आज उपायुक्त दिलेश्वर महतो एवं पुलिस अधीक्षक हारिस बिन ज़मां की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में विशेष समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्थापना दिवस समारोह के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर विभिन्न विभागों द्वारा किए जाने वाले तैयारियों के सम्बन्ध में चर्चा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि 15 नवंबर को नगर भवन, गुमला से पूर्वाह्न 7:00 बजे से 9:00 बजे तक छठ घाट तक मार्च पास्ट का आयोजन किए जाने की योजना है। वहीं, 17 नवंबर से 24 नवंबर तक विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत चित्रकला प्रतियोगिता के साथ-साथ विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इन आयोजनों के माध्यम से जिले के युवाओं, विद्यार्थियों एवं खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। इसके अतिरिक्त राज्य सरकार से प्राप्त निर्देशानुसार विभिन्न कार्यक्रम क्रमशः आयोजित किए जाएंगे ,जिसके लिए अभी से तैयार रहने की बात कही गईं ।
उपायुक्त ने कृषि, खेल एवं जेएसएलपीएस सहित संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि राज्य स्तरीय समारोह में भागीदारी हेतु जिले से चयनित किए जाने वाले योग्य लाभुकों, प्रगतिशील किसानों, महिला समूहों एवं खेल प्रतिभाओं की पहचान कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर सूची तैयार करें।
उपायुक्त ने कहा कि झारखंड स्थापना दिवस राज्य के गौरव, पहचान एवं समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। इस अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिया कि राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी विभाग अपने-अपने स्तर से कार्यक्रमों की तैयारियां समय पर पूर्ण करें तथा आयोजन में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि स्थापना दिवस के कार्यक्रम केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि प्रखंड स्तर पर भी विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने एवं कार्यक्रमों को सफल बनाने हेतु सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया।
बैठक में मुख्य रूप से पुलिस अधीक्षक गुमला हारिस बिन ज़मा,उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन, अपर समाहर्ता राजीव नीरज , अनुमंडल पदाधिकारी गुमला अखिलेश कुमार, परियोजना निदेशक आईटीडीए, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, डीपीएम जेएसएलपीएस, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे। वहीं, सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।







