18.1 C
Ranchi
Saturday, November 21, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaराज्य स्थापना दिवस के साप्ताहिक कार्यक्रम के तहत दुधारू पशु मेला-सह-गव्य प्रदर्शनी...

राज्य स्थापना दिवस के साप्ताहिक कार्यक्रम के तहत दुधारू पशु मेला-सह-गव्य प्रदर्शनी का आयोजन, 13 पशुपालकों के बीच गाय एवं भैंस का वितरण

गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया

लगभग 200 किसानों ने लिया हिस्सा, विभिन्न विभागों के स्टॉल के माध्यम से किसानों को सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

गुमला : – गुमला जिला में झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित साप्ताहिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में आज शुक्रवार को गव्य विकास निदेशालय, झारखंड के अधीन जिला गव्य विकास कार्यालय, गुमला द्वारा दुधारू पशु मेला-सह-गव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 200 किसानों एवं पशुपालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर उपायुक्त दिलेश्वर महतो, उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन एवं जिला परिषद उपाध्यक्ष संयुक्त देवी सहित अन्य अतिथियों की उपस्थिति में लाभुकों के बीच कुल 10 गाय एवं 3 भैंसों का वितरण किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों एवं पशुपालकों को पशुपालन तथा गव्य विकास से संबंधित योजनाओं के प्रति जागरूक करना, दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन को आजीविका के एक सशक्त माध्यम के रूप में विकसित करना रहा।

इस अवसर पर कृषि एवं संबद्ध विभागों द्वारा विभिन्न विभागीय स्टॉल लगाए गए। इनमें जिला गव्य विकास विभाग, पशुपालन विभाग, कृषि विभाग, जिला उद्यान विभाग, मत्स्य विभाग एवं सहकारिता विभाग के स्टॉल प्रमुख रहे। स्टॉल के माध्यम से उपस्थित किसानों एवं ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं, अनुदान, तकनीकी सुविधाओं एवं स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया से अवगत कराते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।

उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने इस अवसर पर किसानों एवं पशुपालकों को संबोधित करते हुए कहा कि कृषि के साथ पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन को अपनाकर ग्रामीण परिवार अपनी आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित कर सकते हैं। सरकार द्वारा गव्य विकास एवं पशुपालन को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। किसानों को इन योजनाओं का लाभ उठाते हुए आधुनिक एवं वैज्ञानिक पद्धति से पशुपालन करने की दिशा में आगे आना चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों को किसानों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, पशुपालन एवं गव्य विकास विभाग के पदाधिकारी-कर्मी सहित अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments