गुमला: रायडीह थाना क्षेत्र के पुराना रायडीह गांव में मंगलवार को एक नाबालिग लड़की की हत्या का मामला सामने आया। आरोप है कि युवती के प्रेमी सुमन यादव (19) ने विवाद के दौरान अपनी नाबालिग प्रेमिका अंशिका तिर्की की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। मृतका लगभग पांच माह की गर्भवती थी और बताया जा रहा है कि वह पिछले एक सप्ताह से आरोपी के साथ रह रही थी।
सूचना मिलने पर रायडीह थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी सुमन यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद यह घटना घटी। पुलिस टीम मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
थाना प्रभारी ने कहा कि हत्या के इस मामले में सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया







