गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया
गुमला: – गुमला जिला मुख्यालय में संविधान गौरव दिवस के अवसर पर गुरुवार, 26 नवंबर को गुमला में भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के नेतृत्व में संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पूर्वाह्न 11:30 बजे किया गया। इस दौरान उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समाज के लोगों ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर फूल-माला चढ़ाकर उनके प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित किए और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर का जीवन संघर्ष, शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज में व्याप्त जातिगत भेदभाव, छुआछूत और असमानता को समाप्त करने तथा वंचित एवं शोषित वर्गों को उनका अधिकार दिलाने के लिए समर्पित कर दिया। बाबा साहेब ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे बड़ा हथियार माना और समाज को शिक्षित, संगठित एवं संघर्षशील बनने का संदेश दिया।
वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संविधान के निर्माण में डॉ. आंबेडकर का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का अधिकार सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और सामाजिक एकता की मजबूत नींव है। संविधान में दिए गए मौलिक अधिकार और कर्तव्य प्रत्येक नागरिक को सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर प्रदान करते हैं।कार्यक्रम के माध्यम से लोगों से बाबा साहेब के विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा संविधान के मूल्यों की रक्षा करने की अपील की गई। साथ ही समाज में आपसी भाईचारा, समानता और सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया गया।मौके पर खुशमन नायक, शंभू नायक, निर्मल गोयल, अनुपअधिकारी, भोला चौधरी, मंटू नायक, प्रेम सागर राम, रमेश राम, शंभू सिंह, सुरेंद्र सहित भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के अन्य कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।







