20.1 C
Ranchi
Wednesday, October 7, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGomiaजर्जर निबंधन कार्यालय में भरभराकर गिरी फॉल्स सीलिंग, बाल-बाल बचा ऑपरेटर लोहे...

जर्जर निबंधन कार्यालय में भरभराकर गिरी फॉल्स सीलिंग, बाल-बाल बचा ऑपरेटर लोहे के एंगल समेत सीलिंग गिरी, कंप्यूटर-फर्नीचर क्षतिग्रस्त; अधिवक्ताओं ने नए भवन की उठाई मांग

न्यूज – कहकशां फारूकी 

गोमिया__ बेरमो अनुमंडल निबंधन कार्यालय, तेनुघाट में मंगलवार की दोपहर उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब रजिस्ट्री का काम चलने के दौरान करीब 12:38 बजे अचानक फॉल्स सीलिंग भरभराकर नीचे गिर गई। लोहे के एंगल समेत सीलिंग का पूरा हिस्सा कंप्यूटर ऑपरेटर के काउंटर पर जा गिरा। गनीमत रही कि ऑपरेटर समय रहते वहां से हट गए और बाल-बाल बच गए। घटना में उन्हें हल्की चोट आई है।
फॉल्स सीलिंग गिरने से कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। सीलिंग की शीट, लाइट, पंखा और बिजली के तार टूटकर नीचे बिखर गए। हादसे में कंप्यूटर और कार्यालय के फर्नीचर को भी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद कुछ समय के लिए कार्यालय का कामकाज प्रभावित रहा।
दीवारों में दरार, जगह-जगह सीलन
कार्यालय भवन की जर्जर हालत घटना के बाद साफ नजर आई। भवन की दीवारों में जगह-जगह दरारें हैं और सीलन भी बनी हुई है। अधिवक्ताओं और कार्यालय कर्मियों का कहना है कि भवन काफी पुराना हो चुका है और लंबे समय से इसकी मरम्मत की जरूरत महसूस की जा रही है।
कई बार दी गई सूचना, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई
निबंधन पदाधिकारी रितु रंजन ने बताया कि भवन की जर्जर स्थिति के संबंध में भवन निर्माण विभाग, बोकारो प्रमंडल को कई बार लिखित सूचना दी गई है। इसके बावजूद अब तक उचित कार्रवाई नहीं हो सकी है।
हादसे के बाद अधिवक्ताओं एवं नवीस दस्तावेज संघ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला निबंधन पदाधिकारी और उपायुक्त बोकारो से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। संघ ने जर्जर भवन की अविलंब मरम्मत कराने अथवा नए भवन की व्यवस्था करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते भवन की स्थिति नहीं सुधारी गई तो भविष्य में इससे भी बड़ा हादसा हो सकता है।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading