13.1 C
Ranchi
Sunday, November 29, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGomiaनशे की गिरफ्त में दो दोस्तों की जिंदगी दांव पर, ट्रेन की...

नशे की गिरफ्त में दो दोस्तों की जिंदगी दांव पर, ट्रेन की चपेट में आने से एक का पैर कटा, दूसरा गंभीर

न्यूज – कहकशां फारूकी

स्वांग न्यू माइनस में शुक्रवार रात हुआ हादसा, अजीत के सिर में गंभीर चोट; दोनों की हालत नाजुक, प्राथमिक उपचार के बाद बोकारो रेफर

गोमिया__नशे की लत किस तरह इंसान की जिंदगी को तबाही के कगार पर पहुंचा देती है, इसकी एक दर्दनाक तस्वीर शुक्रवार की रात गोमिया के स्वांग न्यू माइनस में देखने को मिली। नशा करने के दौरान रेलवे लाइन के पास पहुंचे दो दोस्त ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक युवक का पैर कट गया, जबकि दूसरे के सिर में गंभीर चोट आई है। दोनों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

घायलों की पहचान स्वांग न्यू माइनस निवासी अजीत राम (32) और विपिन कुमार सिंह (28) के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर स्वांग दक्षिणी के पूर्व मुखिया धनंजय सिंह ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को गोमिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण दोनों को बेहतर इलाज के लिए बोकारो रेफर कर दिया गया।

नशे के लिए रेलवे लाइन के पास पहुंचने की चर्चा

स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक कथित तौर पर सूखे नशे के आदी बताए जाते हैं। चर्चा है कि शुक्रवार की रात दोनों नशा करने के उद्देश्य से सुनसान रेलवे लाइन के किनारे पहुंचे थे। इसी दौरान वे ट्रेन की चपेट में आ गए। हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियों और हादसे के कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।

युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर जताई चिंता

घटना के बाद पूर्व मुखिया धनंजय सिंह ने क्षेत्र में बढ़ते नशे के प्रचलन पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने गोमिया थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन से नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने तथा नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि नशे की लत युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर रही है। समय रहते इस पर रोक नहीं लगी तो इसके गंभीर सामाजिक परिणाम सामने आ सकते हैं।

नशे की लत बनती जा रही परिवारों के लिए चिंता का कारण

स्वांग की यह घटना पूरे समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी है। नशे की गिरफ्त में फंसकर युवा अपनी जिंदगी और परिवार के भविष्य को भी दांव पर लगा रहे हैं। नशे की शुरुआत भले ही शौक या गलत संगति से होती हो, लेकिन धीरे-धीरे यह जानलेवा लत का रूप ले सकती है। जरूरत है कि परिवार और समाज ऐसे युवाओं की पहचान कर उन्हें समय रहते इलाज, परामर्श और पुनर्वास से जोड़ें।

फिलहाल दो परिवारों की निगाहें अस्पताल में भर्ती अपने बेटों की सलामती पर टिकी हैं। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर क्षेत्र में बढ़ते नशे के चलन पर रोक लगाने के लिए ठोस पहल कब होगी?

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments