13.1 C
Ranchi
Sunday, November 29, 2026
Advertisement
HomeBest News लोकतंत्र के ताबूत में आखिरी कील ठोकने की तैयारी: महिला आरक्षण की...

 लोकतंत्र के ताबूत में आखिरी कील ठोकने की तैयारी: महिला आरक्षण की आड़ में संसद में चला जाएगा परिसीमन बिल का आखिरी दांव !

महिला आरक्षण बिल के लिफाफे में लपेटकर जो परिसीमन बिल इस साल अप्रैल में लाया गया था और दो तिहाई बहुमत ना होने की वजह से गिर गया था, वो अब फिर से लाया जा रहा है। मानसून सत्र 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किए जाने के 105 दिन बाद सरकार ने संसद की बैठक बुलाने की घोषणा की है. लोकतंत्र में असली शक्ति जनता के हाथ में होती है, लेकिन जनता के वोट से सरकार तक पहुंची बीजेपी जनता से उसके सारे अधिकार छीनकर लोकतंत्र के ताबूत में आखिरी कील ठोकने की तैयारी कर चुकी है. हालांकि इसके लिए सरकार के सामने दो-तिहाई बहुमत जुटाने की चुनौती है।

सरकार महिलाओं के कंधे पर बंदूक रख कर परिसीमन पर निशाना साधने वाली है, जबकि महिला आरक्षण बिल 2023 में ही विपक्ष के बिना किसी विरोध के दोनों सदनों से पास हो चुका है और ये खुले आम देश की भोली भाली जनता को कन्फ्यूज कर के परिसीमन बिल पास करने की कोशिश कर रही है  जो कि सीधे देश को राजतंत्र बनाने की कोशिश हो रही है.

टीएमसी के 20 बागी सांसदों पर फैसला आने में हो रही देरी पर उठे हैं सवाल, क्या वे वोट डाल सकेंगे?

इसी बीच तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों के खिलाफ दल-बदल कानून के तहत चल रही अयोग्यता की कार्यवाही भी चर्चा में आ गई है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को इन सांसदों की सदस्यता पर फैसला करना है। जब तक उन्हें अयोग्य घोषित नहीं किया जाता, वे सदन में मतदान कर सकते हैं। ऐसे में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावित विधेयक पर उनके वोट अहम हो सकते हैं।

टीएमसी सांसद सागरिका घोष ने अयोग्यता याचिकाओं पर फैसला आने में हो रही देरी पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने पूछा है कि यदि परिसीमन विधेयक पर मतदान के समय इन सांसदों के खिलाफ याचिकाएं लंबित रहती हैं, तो क्या वे वोट डाल सकेंगे? साथ ही उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि यदि मतदान के बाद उन्हें अयोग्य घोषित किया जाता है, तो क्या उनके पहले डाले गए वोट अमान्य होंगे?

सुप्रीम कोर्ट के फैसलों के मुताबिक, केवल अयोग्यता की याचिका लंबित होने से किसी सांसद की सदस्यता या मतदान का अधिकार अपने आप समाप्त नहीं होता। जब तक लोकसभा अध्यक्ष अयोग्यता का आदेश नहीं देते, संबंधित सांसद सदन की कार्यवाही में हिस्सा ले सकते हैं और मतदान भी कर सकते हैं।

बागी सांसद अपने कदम को संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप बता रहे हैं, जबकि टीएमसी का कहना है कि केवल सांसदों के एक समूह के अलग होने को कानूनी विलय का दर्जा नहीं दिया जा सकता। इस मामले में स्पीकर का फैसला महत्वपूर्ण होगा।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुसार, अयोग्यता की कार्यवाही लंबित रहने से किसी सदस्य को सदन की कार्यवाही में हिस्सा लेने से नहीं रोका जा सकता। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया था कि बाद में अयोग्यता का फैसला आने पर उस अवधि के दौरान सदन में लिए गए फैसले अपने आप अमान्य नहीं हो जाते। यानी यदि मतदान के बाद इन 20 सांसदों को अयोग्य घोषित किया जाता है, तो उनके पहले डाले गए वोट केवल इसी आधार पर रद्द नहीं होंगे। करीब छह महीने बीतने के बाद भी इस मामले में अंतिम फैसला नहीं आया है। सभी 20 सांसदों ने 24 नवंबर को अलग-अलग जवाब दाखिल कर अपने कदम का बचाव किया है।

स्टालिन को मनाने की जिम्मेवारी ममता पर

वहीं, एमके स्टालिन ने साफ किया है कि परिसीमन विधेयक पर उनकी पार्टी के रुख में कोई बदलाव नहीं आया है। उनका कहना है कि किसी भी परिस्थिति में लोकसभा में तमिलनाडु की 7.18 फीसदी सीटों की हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता के पदों के लिए अपने सिद्धांत छोड़ने वाले लोगों को बेशर्मी और एहसानफरामोशी से बचना चाहिए।

भाजपा शरद पवार की एनसीपी (एसपी) और अन्य दलों का समर्थन हासिल करने की कोशिश में भी जुटी है। खबरों के मुताबिक, डीएमके के 24, एनसीपी (एसपी) के 8 और वाईएसआर कांग्रेस के 4 सांसदों का समर्थन मिलने के बावजूद एनडीए दो-तिहाई बहुमत के आंकड़े से पीछे रह सकता है। ऐसे में भाजपा को तृणमूल कांग्रेस के उन 20 बागी सांसदों के समर्थन की उम्मीद है, जो नेशनलिस्ट सिटीजन्स पार्टी ऑफ इंडिया में शामिल हो गए हैं।

सरकार बहादुर दो तिहाई वोट के जुगाड़ के लिए गुपचुप तरीके से थैली, ईडी, सीडी, सीबीआई के ज़रिये डीएमके, एनसीपी (पवार) और वाईएसआर कांग्रेस जैसी पार्टियों के सांसद तोड़ने के पुनीत कार्य में जुटे हैं. जनता को पता चलेगा तो हल्ला मचा देगी, इसलिए राष्ट्रहित में सब कुछ एकदम गुप-चुप गुप-चुप चल रहा है।

अमेरिका में सीटों की संख्या सौ साल के लिए फ्रीज

दुनिया के सबसे पुराने लोकतंत्र अमेरिका की प्रतिनिधि सभा में सीटों की संख्या को 435 पर फ्रीज़ किया जा चुका है। यह निर्णय 1929 में किया गया था। यानी 100 साल पहले अमेरिका ने तय कर लिया था कि देश की आबादी चाहे जितनी भी हो, जन प्रतिनिधियों की संख्या में कोई बदलाव नहीं होगा।

नेताजी के तमाम परिवार परिसीमन के बाद सृजित महिला रिज़र्वेशन वाली सीट से अपनी बेटी, बीवी, बहू या समधिन को संसद में ले आएंगे। करदाताओं के पैसे से हर राजनेता के घर में उनकी अपनी रोजगार गारंटी योजना लागू हो जाएगी और पांच किलो मुफ्त अनाज लेकर महान जनता लोकतंत्र खत्म होने के मास्टर स्ट्रोक पर तालियां बजाएगी। यही वजह है कि सांसदों की संख्या अब 543 से 815 करने का कानून लाने की तैयारी चल रही है, ताकि कुछ और भ्रष्ट एवं आपराधिक प्रवृत्ति के लोग जनसेवा के नाम पर अरबपति बन सके। मुफ्त पेंशन की मलाई काट सके।

 

दलील दी जा रही है कि देश की आबादी बहुत ज्यादा बढ़ी है, तो उसी हिसाब से सांसद भी बढ़ने चाहिए। मतलब कल इसी तर्क के हिसाब से देश में एक ही चार प्रधानमंत्री बना दो। हर बड़े राज्य में 8 मुख्यमंत्री रख दो। आबादी बढ़ी है तो उस हिसाब से स्कूल बढ़ाओ, कॉलेज बढ़ाओ, अस्पताल बढ़ाओ।

ये तो वही बात हो गई कि पिता शर्त रख दे कि अपनी बेटी को संपत्ति में हिस्सा तभी देगा। जब उसकी संपत्ति पहले 50% बढ़ेगी। महिला आरक्षण अधिकार और प्रतिनिधित्व का सवाल है। इसे सीटें बढ़ाने की शर्त से बांधना जरूरी क्यों है? देश का विकास सिर्फ सांसद नहीं करते। उनके नीचे विधायक हैं, जिला पंचायतें हैं, ब्लॉक और ग्राम पंचायतें हैं।

815 सांसद होने से फायदा सिर्फ सांसदों को और आर्थिक बोझ पड़ेगा जनता पर

वैसे सांसद बनने की भी चुनाव में जीत की कोई पात्रता नहीं है। कोई अनपढ़ से लेकर गंभीर अपराधी तक आराम से सांसद से लेकर मंत्री तक सब बन सकता है। मतलब चपरासी की पोस्ट के लिए पढ़ाई की योग्यता तय है, सांसद के लिए नहीं। 815 सांसद होने के बस यही फायदा होगा कि जिसके पास ज्यादा संख्या बल होगा, मारपीट की स्थिति में उसके पास बढ़त रहेगी। 815 सांसद होने से बस फायदा सिर्फ और सिर्फ सांसदों का होगा। उन्हें सैलरी पेंशन के साथ भ्रष्ट तरीके से अरबों की दौलत बनाने का मौका मिलेगा। इन सब का आर्थिक बोझ जनता पर ही पड़ेगा क्योंकि उसी के टैक्स की कमाई सांसदों की सुविधा पानी पर उड़ाई जाएगी।
कुल मिलाकर, दो-तिहाई बहुमत का कड़ा गणित, दक्षिणी राज्यों की संवेदनशीलता और विपक्षी दलों के स्पष्ट राजनीतिक रुख को देखते हुए यह साफ झलकता है कि संसद के इस सत्र को लेकर चल रही अटकलों में तथ्यों से ज़्यादा सियासी मनोविज्ञान काम कर रहा है। अब सबकी निगाहें 30 नवंबर को पेश होने वाले आधिकारिक विधायी एजेंडे पर टिकी हैं, जो इस पूरे सियासी सस्पेंस से पर्दा उठाएगा।

 

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments