10.1 C
Ranchi
Sunday, November 29, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaजन वितरण प्रणाली के माध्यम से जरूरतमंदों तक खाद्यान्न पहुंचाना महत्वपूर्ण सेवा,...

जन वितरण प्रणाली के माध्यम से जरूरतमंदों तक खाद्यान्न पहुंचाना महत्वपूर्ण सेवा, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पीडीएस डीलर एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी हुए सम्मानित

गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया 

राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत नगर भवन में आयोजित हुआ सम्मान समारोह, उपायुक्त ने पीडीएस विक्रेताओं के योगदान की सराहना करते हुए समयबद्ध एवं पारदर्शी खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने का दिया निर्देश

गुमला : – गुमला जिला मुख्यालय में – झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत आज नगर भवन, गुमला में जिला आपूर्ति विभाग द्वारा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त दिलेश्वर महतो उपस्थित रहे। वहीं उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी, सभी प्रखंडों के आपूर्ति पदाधिकारी, जन वितरण प्रणाली के विक्रेता, लैम्प्स के प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जन वितरण प्रणाली के माध्यम से जिले के जरूरतमंद एवं गरीब परिवारों तक खाद्यान्न का समयबद्ध, सुचारु एवं पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मियों एवं जन वितरण प्रणाली के विक्रेताओं को सम्मानित करना था।

इस अवसर पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने कहा कि जन वितरण प्रणाली के माध्यम से गरीब, जरूरतमंद एवं वंचित परिवारों तक खाद्यान्न पहुंचाने में पीडीएस विक्रेताओं एवं संबंधित कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके द्वारा पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ खाद्यान्न का समयबद्ध वितरण सुनिश्चित किया जाता है। उन्होंने कहा कि आज का यह आयोजन ऐसे कर्मठ एवं समर्पित लोगों के कार्यों को सम्मान देने तथा उनका उत्साहवर्धन करने का अवसर है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने कहा कि जिले के दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले गरीब एवं जरूरतमंद परिवार पूरे महीने अपने राशन का इंतजार करते हैं। ऐसे में समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराना अत्यंत महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। जन वितरण प्रणाली के विक्रेता इस जिम्मेदारी का निर्वहन सेवा भावना के साथ करते हैं। उन्होंने सभी पीडीएस विक्रेताओं के कार्यों की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

उपायुक्त ने कहा कि जन वितरण प्रणाली के विक्रेता केवल खाद्यान्न वितरण तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि पंचायत एवं ग्रामीण स्तर पर प्रशासन के विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों में भी उनकी सहभागिता रहती है। चुनाव सहित अन्य महत्वपूर्ण प्रशासनिक गतिविधियों में भी उनका सहयोग मिलता है। इस प्रकार वे प्रशासन के एक महत्वपूर्ण अंग हैं। उन्होंने सभी विक्रेताओं से आगे भी पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की।

वहीं उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन ने कहा कि जरूरतमंद परिवारों तक खाद्यान्न पहुंचाना केवल एक सामान्य कार्य नहीं, बल्कि अत्यंत महत्वपूर्ण सामाजिक सेवा है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में जन वितरण प्रणाली से जुड़े सभी लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि भूखे व्यक्ति तक अन्न पहुंचाना एक बड़ा पुण्य का कार्य है। राशन पर निर्भर परिवारों के लिए समय पर खाद्यान्न उपलब्ध होना बेहद आवश्यक है, क्योंकि भोजन उनकी बुनियादी जरूरत है। उन्होंने आज सम्मानित होने वाले सभी लोगों को बधाई देते हुए अन्य विक्रेताओं से भी उनके कार्यों से प्रेरणा लेकर अपनी कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने की अपील की।

उप विकास आयुक्त ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि राशन वितरण में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी अथवा समस्या होने पर संबंधित पदाधिकारियों को तत्काल इसकी सूचना दें। उन्होंने पीडीएस विक्रेताओं से प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, सहायक गोदाम प्रबंधक एवं जिला आपूर्ति पदाधिकारी के साथ बेहतर समन्वय एवं दोतरफा संवाद बनाए रखने की अपील की, ताकि खाद्यान्न वितरण से संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके और किसी भी जरूरतमंद परिवार को समय पर राशन प्राप्त करने में परेशानी न हो।

*उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारी एवं पीडीएस विक्रेता हुए सम्मानित*

कार्यक्रम के दौरान वित्तीय वर्ष 2021-22 से 2025-26 तक धान अधिप्राप्ति के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले तथा जन वितरण प्रणाली के अंतर्गत बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों एवं पीडीएस विक्रेताओं को सम्मानित किया गया।

प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों के कार्यों के मूल्यांकन के आधार पर अल्बर्ट एक्का जारी प्रखंड के अरुण कुमार यादव को प्रथम, गुमला प्रखंड की श संगीता केरकेट्टा को द्वितीय तथा सिसई प्रखंड के शशिभूषण महतो को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इसके अतिरिक्त अन्य उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को भी सम्मानित किया गया।

वहीं जन वितरण प्रणाली के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले के विभिन्न प्रखंडों के कुल 36 जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं एवं संबंधित समूहों को भी सम्मानित किया गया। इनमें जारी, चैनपुर, भरनो, सिसई, रायडीह, पालकोट, कामडारा, विशुनपुर, घाघरा एवं गुमला प्रखंड के चयनित पीडीएस विक्रेता एवं समूह शामिल रहे।

उपायुक्त एवं उप विकास आयुक्त ने सभी सम्मानित प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की। साथ ही अन्य पीडीएस विक्रेताओं से भी उत्कृष्ट कार्य करने वालों से प्रेरणा लेकर खाद्यान्न वितरण व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं प्रभावी बनाने की अपेक्षा जताई।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments