24.1 C
Ranchi
Saturday, October 10, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaउपायुक्त की अध्यक्षता में जिला समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा,...

उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा, आंगनबाड़ी केंद्रों में बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने एवं लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश

गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया 

पोषण ट्रैकर, SAMAR ऐप एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की समीक्षा; महिला पर्यवेक्षिकाओं को नियमित निरीक्षण करने का निर्देश

गुमला : – गुमला उपायुक्त दिलेश्वर महतो की अध्यक्षता में आज समाहरणालय में जिला समाज कल्याण विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति, पोषण संबंधी सेवाओं, विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा लंबित मामलों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा लाभुकों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

*आंगनबाड़ी केंद्रों में बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर*

बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन एवं उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा की गई। भौगोलिक क्षेत्र-निर्धारण के अंतर्गत संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति के संबंध में महिला पर्यवेक्षिकाओं से जानकारी ली गई तथा संबंधित बिंदुओं पर स्थिति स्पष्ट करने को कहा गया।

उपायुक्त ने किराये के भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों में बिजली कनेक्शन, शौचालय, पेयजल एवं रसोईघर जैसी आवश्यक सुविधाओं को शत-प्रतिशत क्रियाशील बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों एवं महिलाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता और नियमित निगरानी आवश्यक है।

*पोषण सेवाओं एवं योजनाओं के लंबित मामलों का निष्पादन करने का निर्देश*

बैठक में पोषण संबंधी सेवाओं की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने SAMAR ऐप पर गंभीर तीव्र कुपोषण (एस ए एम ) से संबंधित मामलों की प्रविष्टि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने पोषण ट्रैकर एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित अन्य संबंधित योजनाओं में लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए सभी लंबित प्रविष्टियों एवं आवेदनों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।

इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा कन्या कन्यादान योजना सहित संबंधित योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत प्राप्त करने पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को कार्यों की नियमित समीक्षा करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं का समय पर समाधान करने का निर्देश दिया।

पालकोट परियोजना के अंतर्गत कार्यों की प्रगति एवं उपलब्धियों की समीक्षा के दौरान अपेक्षित स्थिति नहीं पाए जाने पर उपायुक्त ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को कार्यों में सुधार लाने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में निर्धारित मानकों एवं लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

*वन स्टॉप सेंटर की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की समीक्षा*

बैठक के दौरान सहायक निदेशक, समाज कल्याण, राँची द्वारा दिनांक 07 अक्टूबर 2026 से 08 अक्टूबर 2026 तक वन स्टॉप सेंटर के निरीक्षण एवं भ्रमण के दौरान प्राप्त जानकारी, कार्यों तथा उपलब्धियों से अवगत कराया गया। इस क्रम में संबंधित गतिविधियों की समीक्षा की गई तथा आवश्यकतानुसार सेवाओं के प्रभावी संचालन पर जोर दिया गया।

*आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश*

उपायुक्त ने सभी महिला पर्यवेक्षिकाओं को अपने क्षेत्राधीन आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान केंद्रों के नियमित संचालन, उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं, पोषण सेवाओं तथा विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का आकलन किया जाए। कमियों की पहचान कर उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।

बैठक में उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आरती कुमारी, सहायक निदेशक, समाज कल्याण, सहायक प्रशाखा पदाधिकारी, कंसल्टेंट मृत्युंजय नायक, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) तथा संबंधित परियोजनाओं की महिला पर्यवेक्षिकाएं उपस्थित रहीं।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading