गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया
गुमला : – गुमला जिला स्थित विभिन्न क्षेत्रों में आगामी छठ महापर्व के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। उपायुक्त दिलेश्वर महतो के निर्देश के आलोक में आज गुरुवार को अनुमंडल पदाधिकारी अखिलेश कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, गुमला सुरेश प्रसाद यादव ने संयुक्त रूप से नागफेनी छठ घाट का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने छठ घाट पर विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, रोशनी, पहुंच पथ सहित श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही घाट पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन से संबंधित आवश्यक पहलुओं की समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों को छठ पर्व के मद्देनजर घाट पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त करने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
जिला प्रशासन द्वारा छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।







