न्यूज – कहकशां फारूकी
बोकारो जिला कांग्रेस की विस्तारित बैठक में केंद्र सरकार पर साधा निशाना, संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने का आह्वान; पूर्व मंत्री के भतीजे ने थामा कांग्रेस का दामन
गोमिया___देश की पहचान जाति और धर्म से नहीं, बल्कि आपसी एकता और भाईचारे से होनी चाहिए। आज जिस तरह जाति और धर्म के नाम पर समाज को बांटने की कोशिश हो रही है, वह देश के लिए चिंताजनक है। यह बातें बेरमो विधायक कुमार जयमंगल सिंह ने गुरुवार को स्वांग वन सी स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित बोकारो जिला कांग्रेस की विस्तारित कार्यकारिणी बैठक को संबोधित करते हुए कहीं।
उन्होंने कहा कि देश के सभी नागरिक सबसे पहले हिंदुस्तानी हैं। देश की मजबूती के लिए जाति और धर्म से ऊपर उठकर एकजुटता के साथ काम करने की जरूरत है। कांग्रेस पार्टी से उनके परिवार की पहचान जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने पिता और पूर्व मुख्यमंत्री बिंदेश्वरी दुबे से कांग्रेस की विचारधारा, संस्कार और सामाजिक समरसता की सीख मिली है। कांग्रेस का इतिहास देश की आजादी और राष्ट्र निर्माण से जुड़ा है। पार्टी ने आजादी के बाद देश में बड़े-बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठानों की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लेकिन वर्तमान केंद्र सरकार निजीकरण को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि पार्टी के भीतर जाति और धर्म के आधार पर किसी तरह का भेदभाव न होने दें। आपसी मतभेद भुलाकर संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर काम करें।
बैठक की अध्यक्षता बोकारो जिला कांग्रेस अध्यक्ष जवाहरलाल महथा ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव राम किशुन रविदास, गोमिया प्रखंड अध्यक्ष पंकज पांडेय ने किया। अध्यक्ष जवाहरलाल महथा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश को बहुत कुछ दिया है। अब संगठन को मजबूत करना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। इसके लिए बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करना और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि जिले के सभी प्रखंडों में जिला कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक आयोजित कर संगठन को मजबूत करने की रणनीति बनाई जाएगी।
पूर्व मंत्री के भतीजे ने कांग्रेस में जताया विश्वास
बैठक के दौरान राजनीतिक गतिविधियों को लेकर एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम भी देखने को मिला। पूर्व मंत्री माधवलाल सिंह के भतीजे सुरजलाल सिंह ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। जिला अध्यक्ष जवाहरलाल महथा ने उन्हें माला पहनाकर पार्टी में स्वागत किया। उनके पार्टी में शामिल होने को बैठक का प्रमुख आकर्षण माना गया।
इस अवसर पर जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष देवाशीष मंडल, प्रदेश सचिव प्रमोद सिंह एवं md इसराफिल अंसारी, जिला महासचिव सुबोध सिंह पवार, जिला उपाध्यक्ष दिगंबर महतो, इंटक नेता अंजनी त्रिपाठी, जिला प्रवक्ता अजय कुमार सिंह, अशोक मंडल, सब्बीर अंसारी, कृष्णा निषाद, अभय सिन्हा, अमित चौहान, हसनैन गनी, नरेंद्र निषाद, चरका खान, बद्री प्रसाद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।







