20.1 C
Ranchi
Saturday, November 14, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaSIR के तहत गुमला के पांच प्रखंडों में उपायुक्त ने की मतदाता...

SIR के तहत गुमला के पांच प्रखंडों में उपायुक्त ने की मतदाता सूची की सुपर चेकिंग, घर-घर पहुंचकर किया भौतिक सत्यापन

गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया 

रायडीह, चैनपुर, डुमरी, टोटो और घाघरा में मतदाताओं से किया सीधा संवाद, BLO के सर्वे और आवेदनों में दर्ज विवरणों का वास्तविक स्थिति से किया मिलान

गुमला। जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य को पारदर्शी, निष्पक्ष और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलेश्वर महतो लगातार निर्वाचन कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने रायडीह, चैनपुर, डुमरी, टोटो और घाघरा प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर मतदाता सूची की सुपर चेकिंग की। इस दौरान उन्होंने डोर-टू-डोर सर्वे, SIR के तहत प्राप्त आवेदनों और मतदाता सूची में दर्ज विवरणों का भौतिक सत्यापन किया।

उपायुक्त ने रायडीह प्रखंड के कांसीर, चैनपुर प्रखंड के टोंगो एवं चैनपुर सहित डुमरी प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर मतदाता सूची में दर्ज प्रविष्टियों की जांच की। वहीं, गुमला विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत टोटो और बिशुनपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत घाघरा प्रखंड के विभिन्न इलाकों में भी उन्होंने डोर-टू-डोर सर्वे का निरीक्षण किया। इस दौरान मतदाताओं के घर पहुंचकर उनसे सीधे संवाद किया और नाम, पता सहित अन्य आवश्यक जानकारियां प्राप्त कीं।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा घर-घर जाकर किए जा रहे सर्वे और SIR के तहत प्राप्त प्रपत्रों में दर्ज जानकारियों का वास्तविक स्थिति से मिलान किया। उन्होंने मतदाताओं से बातचीत कर यह भी जांच की कि उनके विवरण सही तरीके से दर्ज किए गए हैं या नहीं। इसके साथ ही निर्वाचन कार्यों की प्रगति, सर्वेक्षण की गुणवत्ता और संकलित जानकारियों की शुद्धता का जायजा लिया।

त्रुटि, दोहराव और अपात्र प्रविष्टियों को हटाने पर जोर

उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने संबंधित पदाधिकारियों और निर्वाचन कर्मियों को निर्देश दिया कि SIR के तहत प्राप्त सभी प्रपत्रों एवं मतदाताओं से जुड़ी जानकारियों का निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप गंभीरतापूर्वक सत्यापन किया जाए। मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि, दोहराव अथवा अपात्र प्रविष्टि की संभावना को समाप्त करने के लिए पूरी सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सत्यापन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक प्रविष्टि की शुद्धता सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि डोर-टू-डोर सर्वे के दौरान प्रत्येक मतदाता का विवरण सावधानीपूर्वक जांचा जाए। सभी निर्वाचन कर्मी पूरी निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें। साथ ही आपसी समन्वय बनाकर निर्वाचन संबंधी सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे करें।

कोई योग्य नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से न रहे वंचित

उपायुक्त ने कहा कि शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया का आधार है। SIR का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक विश्वसनीय और त्रुटिरहित बनाना है। इसके लिए निर्वाचन कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है। आवश्यकता के अनुसार मतदाताओं के आवास पर पहुंचकर भौतिक सत्यापन भी किया जा रहा है।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। निर्वाचन से जुड़े सभी दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ किया जाए। जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से भी जिले में SIR के तहत संचालित कार्यों की लगातार निगरानी एवं समीक्षा की जा रही है, ताकि मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाया जा सके।

इस दौरान डीसीएलआर गुमला राजीव कुमार, अंचल अधिकारी गुमला, संबंधित अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, बूथ लेवल अधिकारी तथा निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments