20.1 C
Ranchi
Saturday, November 14, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaबंजर पड़ी जमीन पर लहलहाएगा चाय का बागान, गुमला में कृषि विविधीकरण...

बंजर पड़ी जमीन पर लहलहाएगा चाय का बागान, गुमला में कृषि विविधीकरण और पर्यटन विकास की नई पहल

गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया 

झारखंड में पहली बार गुमला के बिशुनपुर स्थित नर्मा में 30 एकड़ भूमि पर विकसित होगा चाय का बागान, प्रथम चरण में 80 हजार पौधों के रोपण का लक्ष्य

उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने चाय बागान का किया निरीक्षण, उन्होंने स्वयं चाय का पौधा लगाकर इस महत्वाकांक्षी पहल में अपनी सहभागिता भी सुनिश्चित की

गुमला : – गुमला जिले में कृषि की नई संभावनाओं को विकसित करने, अनुपयोगी भूमि का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं पर्यटन के नए अवसर सृजित करने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा एक अभिनव पहल की जा रही है। इसी कड़ी में आज उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने बिशुनपुर प्रखंड के नर्मा स्थित विकसित किए जा रहे चाय बागान का दौरा कर पौधरोपण कार्य एवं उससे संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उपायुक्त ने स्वयं चाय का पौधा लगाकर इस महत्वाकांक्षी पहल में अपनी सहभागिता भी सुनिश्चित की।

उल्लेखनीय है कि झारखंड में अपनी तरह की इस पहली पहल के तहत गुमला जिले के नर्मा में लगभग 30 एकड़ भूमि पर चाय की खेती विकसित करने की योजना है। इसके प्रथम चरण में लगभग 17.5 एकड़ भूमि पर 80 हजार चाय के पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वर्तमान में पौधरोपण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

निरीक्षण के दौरान जिला उद्यान पदाधिकारी ने उपायुक्त को बताया कि जिस भूमि पर चाय की खेती विकसित की जा रही है, वह पूर्व में लंबे समय से अनुपयोगी एवं बंजर पड़ी थी। अब इसी भूमि को कृषि उत्पादन की नई संभावनाओं से जोड़ते हुए चाय के बागान के रूप में विकसित किया जा रहा है। यह पहल न केवल भूमि के बेहतर उपयोग का उदाहरण बनेगी, बल्कि जिले में कृषि विविधीकरण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।

उन्होंने बताया कि चाय के पौधों के विकास के साथ यहां भविष्य में चाय प्रसंस्करण इकाई (प्रोसेसिंग यूनिट) भी स्थापित करने की योजना है। इससे स्थानीय स्तर पर ही चाय की पत्तियों की तुड़ाई से लेकर उनके प्रसंस्करण तक की व्यवस्था विकसित की जा सकेगी। इस पूरी प्रक्रिया में स्थानीय ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित होने से रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होने की संभावना है।

*कृषि के साथ पर्यटन को भी मिलेगी नई पहचान*

नर्मा स्थित चाय बागान की एक विशेष संभावना इसके भौगोलिक स्थान से भी जुड़ी है। नेतरहाट जाने वाले मार्ग पर स्थित होने के कारण भविष्य में यह क्षेत्र पर्यटन के दृष्टिकोण से भी आकर्षण का केंद्र बन सकता है। आगामी दो से तीन वर्षों में जब चाय के पौधे विकसित होकर हरे-भरे बागान का स्वरूप लेंगे, तब यहां आने वाले पर्यटक चाय की खेती को करीब से देख सकेंगे। चाय की पत्तियों की तुड़ाई और प्रसंस्करण की प्रक्रिया को देखने का अवसर भी इस स्थान को एक विशिष्ट पहचान दे सकता है। इससे नेतरहाट पर्यटन मार्ग पर एक नया आकर्षण विकसित होने के साथ स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

*उपायुक्त ने गुणवत्तापूर्ण कार्य एवं बेहतर प्रबंधन के दिए निर्देश*

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने पौधरोपण की प्रगति, सिंचाई व्यवस्था एवं बागान के समुचित विकास से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पौधरोपण का कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। साथ ही पौधों की नियमित देखभाल, सिंचाई एवं संरक्षण पर विशेष ध्यान देते हुए पूरी योजना को व्यवस्थित ढंग से धरातल पर उतारा जाए।

उपायुक्त ने कहा कि गुमला में चाय की खेती की यह पहल जिले के लिए एक नई पहचान विकसित करने की क्षमता रखती है। लंबे समय से अनुपयोगी पड़ी भूमि को उत्पादक बनाकर कृषि के एक नए क्षेत्र से जोड़ना सराहनीय प्रयास है। जिला प्रशासन इस योजना को सफल बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा, ताकि आने वाले समय में इसका लाभ स्थानीय लोगों को मिल सके तथा गुमला को कृषि एवं पर्यटन के क्षेत्र में एक नई पहचान प्राप्त हो।

यह पहल इस बात का उदाहरण है कि स्थानीय संसाधनों और उपलब्ध भूमि का बेहतर उपयोग कर विकास की नई संभावनाएं विकसित की जा सकती हैं। आने वाले वर्षों में नर्मा की यही भूमि चाय के हरे-भरे बागान के रूप में विकसित होकर गुमला की एक नई पहचान बन सकती है।

इस अवसर पर जिला उद्यान पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, बिशुनपुर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments