न्यूज – कहकशां फारूकी
युवाओं से अपने जीवन में छोटे बदलाव अपनाकर पर्यावरण संरक्षण की पहल करने की अपील
गोमिया__ गोमिया इंटर कॉलेज, स्वांग के सभाकक्ष में शुक्रवार को जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरणीय स्थिरता को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यूनिसेफ सहयोगी संस्था कि ओर से अनिरुद्ध कुमार ने महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को जलवायु परिवर्तन के प्रभाव, पर्यावरण संरक्षण और दैनिक जीवन में व्यवहार एवं जीवनशैली में छोटे-छोटे बदलाव अपनाकर पर्यावरण को सुरक्षित रखने के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के सचिव रविंद्र प्रसाद सिंह, प्राचार्य दामोदर पांडे,जनप्रतिनिधी धनंजय कुमार सिंह सहित कालेज के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
इस मौके पर
अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि जलवायु परिवर्तन केवल भविष्य की समस्या नहीं है, बल्कि इसका असर आज हमारे दैनिक जीवन में भी महसूस किया जा रहा है। झारखंड में पानी की उपलब्धता, बढ़ती गर्मी, वर्षा के बदलते स्वरूप, जंगलों में आग तथा प्रकृति से जुड़े जोखिम लगातार चिंता का विषय बन रहे हैं। ऐसे में जलवायु परिवर्तन को समझना और इसके प्रभावों से निपटने के लिए स्थानीय स्तर पर पहल करना बेहद जरूरी है।
उन्होंने जलवायु परिवर्तन की प्रक्रिया को सरल तरीके से समझाते हुए बताया कि मानवीय गतिविधियों से ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन बढ़ता है, जिससे जलवायु में बदलाव आता है और इसके परिणामस्वरूप प्राकृतिक एवं मानवीय जोखिम भी बढ़ते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत दूसरों से अपेक्षा करने के बजाय स्वयं के व्यवहार में बदलाव लाने से करनी चाहिए।
कार्यक्रम में पानी की हर बूंद की कद्र करने, बिजली की बचत, प्लास्टिक के उपयोग में कमी, पौधरोपण, स्वच्छता तथा प्रकृति के संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों को “जल है तो कल है” संदेश के माध्यम से जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
उन्होंने कॉलेज परिसर को ‘क्लाइमेट स्मार्ट कैंपस’ यानी जलवायु अनुकूल परिसर बनाने की अवधारणा पर भी प्रकाश डाला। इसके तहत कॉलेज समुदाय को पर्यावरण के अनुकूल आदतें अपनाने, संसाधनों का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा स्थानीय स्तर पर पर्यावरणीय गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि जलवायु परिवर्तन से मुकाबला करने में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। विद्यार्थी अपने घर, विद्यालय, महाविद्यालय और समाज में जागरूकता फैलाकर पर्यावरण संरक्षण की मुहिम को जन आंदोलन बना सकते हैं। छोटे-छोटे प्रयासों और सामूहिक भागीदारी से ही आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और संतुलित पर्यावरण तैयार किया जा सकता है।







