गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया
उपायुक्त ने किसानों से रबी मौसम में खेतों को खाली नहीं रखने तथा प्राकृतिक खेती को अपनाने की अपील की, विभागीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए किया प्रेरित
एकीकृत कृषि प्रणाली, मोटे अनाज की खेती एवं जल संरक्षण को बताया किसानों की आर्थिक समृद्धि का महत्वपूर्ण आधार
गुमला : – गुमला जिला कृषि विभाग, गुमला के तत्वावधान में आज कृषि कार्यालय परिसर में जिला स्तरीय रबी कर्मशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त दिलेश्वर महतो एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन तथा जिला परिषद उपाध्यक्ष संयुक्त देवी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कृषि विभाग सहित उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, भूमि संरक्षण एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मियों ने भाग लिया। इस दौरान विभिन्न प्रखंडों से आए किसानों को रबी मौसम में फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने, उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कृषि एवं संबद्ध योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही किसानों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने कहा कि रबी कर्मशाला का मुख्य उद्देश्य किसानों को आगामी रबी मौसम में अधिकाधिक क्षेत्र में खेती करने के लिए प्रोत्साहित करना तथा उन्हें उन्नत बीज, कृषि तकनीक एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि जिले के किसान इस बार अपने खेतों को खाली नहीं रखें और खरीफ के बाद रबी फसलों की खेती को भी प्राथमिकता दें। सरकार एवं जिला प्रशासन की ओर से किसानों को आवश्यक बीज एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि जहां सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने की आवश्यकता होगी, वहां जल स्रोतों के उपयोग तथा आवश्यक कृषि यंत्रों एवं पंपसेट की उपलब्धता के लिए भी यथासंभव प्रयास किया जाएगा।
उपायुक्त ने धान अधिप्राप्ति की जानकारी देते हुए कहा कि जिन किसानों ने धान का उत्पादन किया है, वे निर्धारित सरकारी दर पर अपने धान की बिक्री सरकारी लैम्प्स के माध्यम से कर सकते हैं। इस संबंध में भी किसानों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने प्राकृतिक एवं जैविक खेती के महत्व पर विशेष जोर देते हुए कहा कि रासायनिक खाद एवं कीटनाशकों के अत्यधिक प्रयोग से मिट्टी की उर्वरा शक्ति प्रभावित हो रही है, जिसका प्रतिकूल असर कृषि उत्पादन पर भी पड़ रहा है। ऐसे में किसानों को प्राकृतिक खेती एवं जैविक खेती की दिशा में आगे बढ़ने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वज पारंपरिक तरीके से खेती करते थे तथा पशुओं के गोबर एवं जैविक संसाधनों का उपयोग खाद के रूप में करते थे। वर्तमान समय में भी इन पारंपरिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर मिट्टी के स्वास्थ्य एवं कृषि उत्पादन में सुधार किया जा सकता है। जिले में विभिन्न सीएसओ के सहयोग से भी प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है तथा कई महिला किसान समूहों की दीदियां प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने खेतों में जैविक एवं प्राकृतिक खेती कर रही हैं।
उपायुक्त ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि केवल खरीफ मौसम में धान की खेती तक सीमित न रहें, बल्कि उपलब्ध जल स्रोतों एवं सिंचाई सुविधाओं का उपयोग कर रबी मौसम में भी अधिक से अधिक खेती करें। खेती को आजीविका का प्रमुख एवं निरंतर स्रोत बनाने के लिए किसानों को वर्षभर कृषि गतिविधियों से जुड़े रहना होगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन किसानों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। आवश्यकता के अनुरूप जलाशयों, कुओं एवं तालाबों जैसे जल स्रोतों का उपयोग करते हुए सिंचाई की सुविधा विकसित करने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
वहीं उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन ने अपने संबोधन में एकीकृत कृषि प्रणाली को अपनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न विभागीय योजनाएं एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। किसान यदि इन योजनाओं का समन्वित रूप से लाभ उठाते हैं, तो उनकी आय में वृद्धि के साथ-साथ कृषि व्यवस्था भी अधिक टिकाऊ बन सकती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि भूमि संरक्षण विभाग के माध्यम से निर्मित तालाब का उपयोग सिंचाई के साथ-साथ मत्स्य पालन के लिए भी किया जा सकता है। वहीं पशुपालन से प्राप्त गोबर का उपयोग जैविक खाद के रूप में खेतों में किया जा सकता है। इसी प्रकार उद्यान विभाग की योजनाओं के माध्यम से फल एवं सब्जियों की खेती कर खरीफ और रबी फसलों के बीच के समय का भी बेहतर उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने किसानों से कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य एवं भूमि संरक्षण सहित सभी संबंधित विभागों की योजनाओं का समन्वित लाभ लेने की अपील की।
उप विकास आयुक्त ने मोटे अनाज की खेती को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि लगातार धान की खेती एवं अधिक जल उपयोग के कारण मिट्टी की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। ऐसे में रागी एवं अन्य मोटे अनाज की खेती फसल विविधीकरण और मिट्टी के स्वास्थ्य के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण है। वर्तमान समय में मोटे अनाज की मांग भी बढ़ रही है, जिससे किसानों के लिए आय के नए अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। उन्होंने जिले में जोहार रागी एवं कृषि विज्ञान केंद्र, विशुनपुर के माध्यम से किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए किसानों से मोटे अनाज की खेती को भी अपनाने का आग्रह किया।
उन्होंने जल के विवेकपूर्ण उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि अधिक सिंचाई हमेशा अधिक उत्पादन की गारंटी नहीं होती। फसलों एवं पौधों की आवश्यकता के अनुरूप ही पानी का उपयोग किया जाना चाहिए। विशेषकर सब्जियों की खेती में आवश्यकता से अधिक पानी देने से फसलों को नुकसान हो सकता है। गुमला जिले की भौगोलिक परिस्थितियों एवं जल उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए किसानों को जल संरक्षण तथा उपलब्ध जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
उप विकास आयुक्त ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड एवं फसल बीमा योजना का लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मृदा स्वास्थ्य कार्ड के माध्यम से किसान अपने खेत की मिट्टी की गुणवत्ता एवं पोषक तत्वों की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं तथा उसी के अनुरूप उर्वरकों का संतुलित उपयोग कर सकते हैं। वहीं फसल बीमा योजना के तहत पंजीकृत किसान फसल क्षति की स्थिति में नियमानुसार क्षतिपूर्ति का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने किसानों से संबंधित विभागीय पदाधिकारियों एवं तकनीकी सहायकों के माध्यम से योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग द्वारा किसानों के उपयोगार्थ तैयार की गई पुस्तक का विमोचन किया गया। साथ ही मिट्टी जांच कराने वाले किसानों के बीच उपायुक्त एवं अन्य अतिथियों के द्वारा मृदा स्वास्थ्य कार्ड का वितरण किया गया। इसके माध्यम से किसानों को अपने खेत की मिट्टी की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर वैज्ञानिक एवं संतुलित तरीके से खेती करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं, अनुदान, कृषि तकनीकों एवं किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई। साथ ही किसानों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज एवं संबंधित विभागों से संपर्क करने के तरीकों के बारे में भी विस्तारपूर्वक बताया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को रबी मौसम में अधिकाधिक खेती के लिए प्रोत्साहित करने, कृषि की उन्नत एवं टिकाऊ पद्धतियों से जोड़ने, फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ एकीकृत रूप से किसानों तक पहुंचाना रहा।







