गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया
जनजातीय समाज की सुरक्षा, शिक्षा, संस्कृति के संरक्षण एवं सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई, उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाली बालिका फुटबॉल खिलाड़ियों एवं शहीदों के परिजनों को किया गया सम्मानित
गुमला : – गुमला जिला अंतर्गत स्थित घाघरा प्रखंड मुख्यालय में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग, भारत सरकार के तत्वावधान में घाघरा स्थित एसएस हाई स्कूल मैदान में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह का भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल उरांव उपस्थित रहे। वहीं राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष अंतर सिंह आर्य, आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा, आयोग के सचिव प्रशांत कुमार सिंह, पूर्व सांसद सुदर्शन भगत एवं पूर्व सांसद समीर उरांव सहित कई गणमान्य अतिथियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर एसएस हाई स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
जनजातीय समाज की सुरक्षा, शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है आयोग : केंद्रीय मंत्री
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल उरांव ने कहा कि राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग का गठन जनजातीय समाज के अधिकारों की सुरक्षा, शिक्षा, संस्कृति के संरक्षण तथा उनके सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने कहा कि यह गौरव का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया, जिसके फलस्वरूप आज पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के ऐतिहासिक योगदान का उल्लेख करते हुए अपने पुराने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि 14 नवंबर 1999 को उन्होंने नीलकंठ सिंह मुंडा एवं सुदर्शन भगत के साथ मोटरसाइकिल से भगवान बिरसा मुंडा के पैतृक गांव उलिहातू जाकर उनके परिवार से मुलाकात की थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार द्वारा जनजातीय समाज के विकास के लिए बड़े स्तर पर संसाधन एवं योजनाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। आज जनजातीय समाज के बच्चे आईआईटी, आईआईएम एवं इसरो जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं तथा विभिन्न क्षेत्रों में देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
उन्होंने जनजातीय समाज से आयोग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं अधिकारों के प्रति जागरूक होने तथा योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की सुरक्षा, शिक्षा, सांस्कृतिक पहचान एवं समग्र विकास के लिए आयोग निरंतर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।
जनजातीय समाज के अधिकारों एवं विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प : आयोग अध्यक्ष
राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष अंतर सिंह आर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के 12 करोड़ से अधिक जनजातीय समुदाय के लोगों के सर्वांगीण विकास की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि आयोग की जिम्मेदारी संभालने से पूर्व उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की धरती उलिहातू जाकर वहां की मिट्टी को अपने माथे पर लगाकर जनजातीय समाज के हितों एवं अधिकारों के लिए आजीवन कार्य करने का संकल्प लिया था।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के नाम पर भ्रम फैलाने एवं समाज को गुमराह करने वाले तत्वों के प्रति लोगों को जागरूक रहने की आवश्यकता है। जनजातीय समाज को अपने अधिकारों, परंपराओं एवं सांस्कृतिक पहचान के प्रति सजग रहते हुए शिक्षा, जागरूकता एवं एकजुटता के माध्यम से आगे बढ़ना चाहिए।
भगवान बिरसा मुंडा के विचारों एवं आदर्शों को अपनाने की आवश्यकता : डॉ. आशा लकड़ा
आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन घाघरा जैसे क्षेत्र में होना विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने लगभग 151 वर्ष पूर्व जल, जंगल एवं जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष का बिगुल फूंका था। उन्होंने अन्याय एवं शोषण के विरुद्ध संघर्ष करते हुए अपनी संस्कृति, परंपरा एवं अस्मिता की रक्षा के लिए अंग्रेजों के खिलाफ आंदोलन किया और देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों एवं विचारों को आत्मसात करते हुए समाज को अपने अधिकारों, संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण के लिए जागरूक होना होगा। उन्होंने राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आयोग जनजातीय समुदाय के लोगों के अधिकारों की रक्षा एवं उन्हें न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। जनजातीय समाज के किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय, अत्याचार अथवा अधिकारों का हनन होने पर आयोग के समक्ष शिकायत दर्ज कराई जा सकती है, जिस पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाली बालिका फुटबॉल खिलाड़ियों एवं शहीदों के परिजनों को किया गया सम्मानित
समारोह के दौरान खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाली अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता एवं सुब्रतो कप में स्वर्ण पदक जीतने वाली चार बालिका खिलाड़ियों तथा उनके एक कोच को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही देश एवं समाज के लिए बलिदान देने वाले शहीदों की माताओं एवं पत्नियों को भी अतिथियों द्वारा सम्मानित कर उनके योगदान एवं त्याग के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से जनजातीय समाज की उपलब्धियों, वीरता, संघर्ष एवं गौरवशाली परंपराओं को सम्मानित करने के साथ युवा पीढ़ी को शिक्षा, खेल एवं सामाजिक विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।
समापन समारोह में जिला परिषद अध्यक्ष किरण माला बाड़ा, उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन, भिखारी भगत, मिसिर कुजूर, सोमा उरांव, विपिन बिहारी सिंह, आशीष कुमार सोनी, तेजू महतो, सीमा देवी, अलका देवी, अमित ठाकुर, जगत ठाकुर, बच्चन चौरसिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य व्यक्ति एवं हजारों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष एवं बलिदान को स्मरण करते हुए जनजातीय अधिकारों, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, शिक्षा एवं सामाजिक-आर्थिक विकास के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता के संदेश के साथ हुआ l







