गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया
गुमला : – गुमला जिला मुख्यालय में सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन की सराहनीय पहल, बड़ी संख्या में बस चालकों व कंडक्टरों की हुई आंखों की जांच और सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने, देते हुए, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से गुमला बस स्टैंड परिसर में विशेष निशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। उपायुक्त दिलेश्वर महतो एवं जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) सत्येंद्र महतो के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में बस चालकों, सह-चालकों (कंडक्टरों) और अन्य व्यावसायिक वाहन चालकों ने अपनी – अपनी आंखों की जांच कराई, क्योंकि विशेष कर
कमजोर नजर से होने वाले हादसों पर रोक लगाना ही इस शिविर का मुख्य उद्देश्य और वाहन चालकों की दृष्टि क्षमता की जांच करना था, ताकि कमजोर नजर के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी तरह से अंकुश लगाया जा सके। जांच के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने चालकों और कंडक्टरों की आंखों की बारीकी से जांच की। जिन चालकों में दृष्टि दोष या आंखों से संबंधित अन्य समस्याएं पाई गईं, उन्हें उचित चिकित्सीय परामर्श देते हुए आवश्यकतानुसार दवाइयां और चश्मा बनवाने की सलाह दी गई।
लगातार चलाया जा रहा है सड़क सुरक्षा अभियान
इस अवसर पर उपस्थित मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई) रॉबिन अजय सिंह एवं प्रदीप कुमार तिर्की ने बताया कि जिले में लगातार सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लंबी दूरी के वाहनों और यात्री बसों के संचालन में चालकों की आंखों का स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि एक चालक के हाथ में दर्जनों यात्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी होती है। विशेषकर रात के समय और बदलते मौसम में स्पष्ट दृष्टि दुर्घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
चालकों ने की जिला प्रशासन की पहल की सराहना
शिविर में पहुंचे बस चालकों और कंडक्टरों ने जिला प्रशासन व परिवहन विभाग की इस पहल की जमकर सराहना की। चालकों ने कहा कि व्यस्त दिनचर्या और लगातार वाहन चलाने के कारण वे समय पर अपनी आंखों की जांच नहीं करा पाते हैं। ऐसे में बस स्टैंड परिसर में ही शिविर लगने से उन्हें काफी सहूलियत मिली है।
कार्यक्रम के दौरान चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और नशे की हालत में गाड़ी न चलाने के प्रति भी जागरूक किया गया। शिविर को सफल बनाने में जिला परिवहन कार्यालय के कर्मियों, स्वास्थ्य विभाग की टीम और स्थानीय बस स्टैंड के प्रतिनिधियों का सराहनीय योगदान रहा।







