गुमला : – गुमला व्यवहार न्यायालय परिसर में झालसा के निर्देशानुसार 25 अप्रैल को होने वाली चेक बाउंस से संबंधित अगली विशेष लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर पीडीजे ध्रुव चंद्र मिश्र की अध्यक्षता में न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ताओं व बैंक के प्रतिनिधियों के साथ चेक बाउंस के लंबित मामलों के निष्पादन के लिए एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में लंबित मामलों का सुलह समझौते के आधार पर निष्पादन के लिए आपसी समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया गया। अध्यक्ष ने बताया कि विशेष लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य आपसी सुलह व समझौते के माध्यम से मामलों का त्वरित निपटारा करना है। जिसमें आम जनता को सस्ता और सुलभ न्याय मिल सके। उन्होंने सभी स्टेक होल्डरों को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक मामलों को चिह्नित कर विशेष लोक अदालत में प्रस्तुत किया जाए। अंत में सभी स्टेक होल्डरों ने विशेष लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
दूर-दराज से आए नागरिकों की समस्याएं सुन त्वरित निष्पादन के निर्देश
गुमला : – उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश के आलोक में आज उप विकास आयुक्त, दिलेश्वर महत्तो की अध्यक्षता में जिला स्तरीय साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न प्रखण्डों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी-अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के दौरान रोजगार, पेंशन, राशन, भूमि विवाद, मुआवजा भुगतान, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य प्रशासनिक मामलों से संबंधित कई आवेदन प्राप्त हुए। उप विकास आयुक्त द्वारा सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर जांच कर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जन शिकायत निवारण दिवस में फुलवारीशरीफ (पटना) निवासी नजमा खातून द्वारा सेवानिवृत्ति लाभ एवं पेंशन भुगतान से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया गया। वहीं गुमला प्रखण्ड अंतर्गत खोरा जामटोली के मोहना उरांव ने भूमि मुआवजा भुगतान से जुड़ी समस्या रखी। गुमला प्रखण्ड के बड़ा लोरो निवासी नवीन दूबे द्वारा भूमि विवाद से संबंधित आवेदन दिया गया। घाघरा प्रखण्ड के तुंजो सेमरटोली निवासी बिरसो देवी ने अनुकम्पा आधारित रोजगार हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। गुमला प्रखण्ड से हेमा देवी द्वारा लंबित मानदेय भुगतान से संबंधित मामला उठाया गया। पालकोट रोड, गुमला निवासी रूकमनी देवी द्वारा आजीविका से जुड़ी समस्या रखी गई। मुरकुंडा पंचायत (गुमला) की शांति टाना भगत द्वारा पारिवारिक भरण-पोषण एवं सामाजिक सुरक्षा से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया गया।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि जन शिकायत निवारण दिवस का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करें।
जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपनी समस्याओं के समाधान हेतु प्रखंड/अंचल/अनुमंडल एवं जिला स्तरीय जन शिकायत निवारण दिवस में भाग लेकर प्रशासनिक सेवाओं का लाभ उठाएं।
जनप्रतिनिधि और संबंधित विभाग का वर्षों से आश्वासन और आश्वासन
गुमला : – गुमला जिला अंतर्गत जिला बिशुनपुर विधानसभा क्षेत्र के आंरगी पंचायत से फोरी पंचायत के कुछ दूरी तक सड़क की स्थिति काफी दयनीय और जर्जर हो जाने के कारण दर्जनो ग्रामीण फोरी पंचायत के मुखिया सुदामा उरांव व लोदो उरांव की अध्यक्षता में एक आवश्यक बैठक कर ग्रामीणों के सहयोग और श्रमदान से मिट्टी – मोरम से रोड बनाने का निश्चय किया है, और मुखिया सुदामा व लोदो उरांव ने बताया कि लगभग 8 किलोमीटर सड़क खराब होने के कारण संबंधित लगभग 10 हजार आबादी को भारी कठिनाई और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके लिए कई बार लिखित आवेदन और मौखिक सूचना उपयुक्त गुमला को दी गई है।
वही संबंधित जनप्रतिनिधियों को भी इसकी जानकारी है, और चुनाव के समय सिर्फ नेता आश्वासन और जुमलेबाजी करते है, चुनाव जीतने के बाद वे अपनी कर्तव्यों से मुंह मोड़ लेते हैं, और अपने वादों को भूल जाते है। जिसका खामियाजा हम ग्रामीणों को झेलना पड़ता है। ग्रामीणों ने सभी को नजर अंदाज करते हुए घर-घर चंदा कर सड़क निर्माण करने का निर्णय लिया है। मुखिया ने बताया कि खम्भिया बाजार टांड से एनएच 23 तक सड़क निर्माण करेगें। ये सड़क घाघरा को भी जोड़ता है, कालीकरण होने से एक दर्जन गांव को घाघरा प्रखंड व जिला मुख्यालय आने-जाने में आसानी होगी, संबंधित ग्रामीणों ने बताया कि उक्त सड़क का निर्माण होने से सम्भिया, कुंबाटोली, अंबाटोली, पलमा, डुगडुगिया, जामटोली, बारवाटोली, डीपाटोली समेत एक दर्जन गांव लाभान्वित होगें। मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे l
गुमला : – गुमला जिला मुख्यालय और ग्रामीण क्षेत्र में सोमवार को तेज आंधी, वज्रपात के साथ बारिश से सड़क किनारे के कई पेड़ गिर गए। जिससे सड़क जाम हो गया, वही वज्रपात के चपेट में आने से कई मवेशी की मौत भी हो गई। तेज आंधी से अम्बेराडीह के समीप सड़क किनारे चार से पांच पेड़ का डाली गिर गया। जिससे सड़क जाम की स्थिति देखने को मिली और गांव वाले के सहयोग से सड़क जाम को हटाया गया। वही पिंजराडीपा के समीप खेत में घास चरते एक छोटे गाय का बाछा भी वज्रपात के चपेट में आने से घटना स्थल पर हुई दर्दनाक मौत, वही खोरा पतरा टोली गांव के अमिर साहू के दो बड़ा खस्सी व एक बकरी वज्रपात के चपेट में आने से खेत में ही मर गया। इसके अलावा ऐसी कई घटनाएं अन्य गांव में भी घटी है।
06 अप्रैल से 25 अप्रैल तक सभी पंचायतों में पीडीएस दुकानों पर शिविर आयोजित
गुमला : – गुमला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देशानुसार गुमला जिला में आयुष्मान भारत योजना के तहत शत-प्रतिशत पात्र लाभुकों को आच्छादित करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जाएगा। वर्तमान में जिले में कुल राशन कार्डधारियों का 58 प्रतिशत ही आयुष्मान कार्ड बन पाया है। कुल 8.8 लाख राशनकार्ड लाभुकों में से लगभग 4.9 लाख लाभुकों को ही अब तक योजना से आच्छादित किया जा सका है, जबकि सभी पात्र लाभुकों को योजना से जोड़ना लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इसी क्रम में जिले के सभी प्रखण्डों के सभी पंचायतों में राशन वितरण के समय व्यापक स्तर पर आयुष्मान कार्ड निर्माण हेतु शिविर आयोजित किए जाएंगे। यह शिविर दिनांक 06 अप्रैल 2026 से 25 अप्रैल 2026 तक सभी जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों पर संचालित होंगे। इन शिविरों में वीएलई के माध्यम से लाभुकों का ऑन-स्पॉट आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा ताकि अधिकाधिक लोगों को योजना का लाभ मिल सके।
अभियान के सफल संचालन हेतु प्रखण्ड स्तर पर सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी तथा पंचायत स्तर पर सभी पंचायत सचिव को नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है। जिला स्तर पर निगरानी एवं अनुश्रवण के लिए सिविल सर्जन, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई, एनएचएम, गुमला को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सम्पूर्ण कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण हेतु उप विकास आयुक्त, गुमला को वरीय पदाधिकारी नामित किया गया है।
सभी वीएलई को सक्रिय पीडीएस डीलरों के साथ टैग किया गया है ताकि राशन वितरण के दौरान आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अधिक-से-अधिक पात्र लाभुकों का आयुष्मान कार्ड निर्माण सुनिश्चित किया जा सके।
सभी पात्र लाभुकों से अपील है कि वे अपने नजदीकी पीडीएस दुकान पर निर्धारित तिथि के अनुसार पहुंचकर आयुष्मान कार्ड बनवाएं और योजना का लाभ अवश्य उठाएं।
गुमला : – गुमला थाना प्रभारी महेंद्र कुमार करमाली ने बताया है कि गुमला थाना कांड सं0-123/26 दिनांक-05.04.2026 धारा-70(1)/115(2)/351(2) बी०एन०एस० के पिड़िता के लिखित आवेदन के आधार पर विरूद्ध प्रा०अभि० 1. बसत उराँव पे० गदरू उराँव 2. लालदेव उरॉव पे०-बंधन उरॉव दोनों सा०-बरिसा नकटीटोली 3. रोशन उरॉव पे० लिटा उरॉव सा०-जाना डुमरडीह तीनों थाना व जिला-गुमला के द्वारा पिडिता एवं इनकी सहेली दोनों के साथ जबरदस्ती बलात्कार करने के आरोप में कांड दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक ( गुमला पुलिस कप्तान हरिश बिन जामां ) महोदय गुमला को मिली गुप्त सूचना के आधार पर उनके निर्देशानुसार त्वरित कार्रवाई करते हुए अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी महोदय के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया। तथा छापामरी दल में शामिल पुलिस निरीक्षक-सह-थाना प्रभारी, पु०अ०नि० बबीता कुमारी, स०अ०नि० सुनिल कुमार एवं थाना के सशस्त्र बल के सहयोग से इस कांड में संलिप्त अभियुक्त 1. बसंत उरॉव पे० गदरू उराँव 2. लालदेव उरॉव पे०-बंधन उरॉव दोनों सा०-बरिसा नकटीटोली 3. रोशन उरॉव पे०-लिटा उरॉव सा०-जाना डुमरडीह तीनों थाना व जिला-गुमला को विधिवत गिरफ्तार कर थाना लाया गया है। तीनों गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों का नाम –
बसंत उरॉव पे०-गदरू उरॉव सुमित कुमार सा०-बरिसा नकटीटोली थाना व जिला-गुमला 2. लालदेव उरॉव पे० बंधन उराँव सा० बरिसा नकटीटोली थाना व जिला-गुमला 3.
रोशन उराँव पे० लिटा उरॉव सा०-जाना डुमरडीह थाना व जिला-गुमला
छापामारी दल के सदस्य-
सुरेश प्रसाद यादव, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, गुमला।
पुरानी बुकिंग को प्राथमिकता, वार्ड स्तर पर सूचना देकर वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश
गुमला : – गुमला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश के आलोक में अनुमंडल पदाधिकारी गुमला राजीव नीरज की अध्यक्षता में आज सभी गैस डीलरों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सहित सभी गैस एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू एवं पारदर्शी बनाए रखने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि जिन उपभोक्ताओं द्वारा पूर्व में गैस सिलेंडर की बुकिंग की गई है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर समय पर गैस उपलब्ध कराई जाए। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि वर्तमान में गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ एवं लाइन लगने की स्थिति को समाप्त करने हेतु डोर-टू-डोर वितरण व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए। जिस वार्ड में गैस वितरण किया जाना है, वहां के वार्ड सदस्य को पूर्व में सूचना देना सुनिश्चित किया जाए, ताकि वितरण प्रक्रिया सुव्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संपन्न हो सके। प्रशासन द्वारा सभी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करते हुए उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराएं एवं किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम अंतर्गत कार्यशाला, प्रशिक्षण एवं चेक वितरण कार्यक्रम आयोजित
गुमला: आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम (ABP) अंतर्गत मशरूम कल्टीवेशन परियोजना के तहत एक दिवसीय कार्यशाला सह प्रशिक्षण एवं चेक वितरण कार्यक्रम का आयोजन नगर भवन, गुमला में उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ उपायुक्त द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम के दौरान मशरूम उत्पादन से जुड़े लाभुकों को तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिसमें मशरूम उत्पादन की आधुनिक एवं सरल विधियों की जानकारी दी गई। साथ ही मशरूम उत्पादों की प्रदर्शनी हेतु स्टॉल भी लगाए गए, जहां विभिन्न प्रकार के उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर लाभुकों के बीच डमी चेक एवं सोलर ड्रायर का वितरण भी किया गया, जिससे उनके उत्पादन एवं भंडारण क्षमता को बढ़ावा मिल सके। कार्यक्रम में महिला लाभुकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि मशरूम खेती से उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि इस पहल से वे न केवल आत्मनिर्भर बनी हैं, बल्कि अपने समूह एवं गांव की अन्य महिलाओं को भी मशरूम उत्पादन के लिए प्रेरित कर रही हैं। ऐप एग्रीगेट कंपनी द्वारा उत्पाद की खरीद सुनिश्चित करने के साथ-साथ तकनीकी प्रशिक्षण में भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया जा रहा है, जिससे लाभुकों को बाजार की बेहतर सुविधा मिल रही है।
उपायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य जिले के नागरिकों को आत्मनिर्भर बनाना एवं उनकी आय में सतत वृद्धि सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा प्रशिक्षण, संसाधन एवं विपणन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, लेकिन सफलता प्राप्त करने के लिए लाभुकों को निरंतर प्रयास करना होगा। उन्होंने प्रेरित करते हुए कहा कि “प्रशासन आपको चलना सिखा सकता है, लेकिन आगे बढ़कर दौड़ना आपको स्वयं ही होगा।”
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए जिला योजना पदाधिकारी रमण कुमार ने बताया कि उपायुक्त के मार्गदर्शन में इस योजना के अंतर्गत आकांक्षी प्रखंड डुमरी प्रखंड के कुल 500 पीवीटीजी एवं जनजातीय परिवारों को चरणबद्ध तरीके से मशरूम खेती एवं प्रशिक्षण से जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि योजना के प्रथम चरण में मॉडल गांव औरापाट के 45 पीवीटीजी परिवारों के बीच मशरूम किट का वितरण किया गया तथा उन्हें ऑयस्टर मशरूम उत्पादन की व्यावहारिक जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान लाभुकों को कम लागत में घर के छोटे स्थानों में भी मशरूम उत्पादन करने की तकनीक सिखाई गई। उन्होंने आगे बताया कि इस परियोजना के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं, जिसके तहत आज मशरूम उत्पादन से जुड़े लाभुकों को उनके उत्पाद की खरीद के लिए चेक प्रदान किए गए। इससे लाभुकों की आय में वृद्धि के साथ-साथ उनके जीवन स्तर में भी सुधार हो रहा है।
कार्यक्रम में जिला योजना पदाधिकारी रमण कुमार,डीपीएम जेएसएलपीएस , अवधेश कुमार, एकांश कुमार, रमेश कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
गुमला : – गुमला समाहरणालय सभागार में आज उपायुक्त गुमला प्रेरणा दीक्षित की अध्यक्षता में कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व ( सीएसआर) से संबंधित कार्यों की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों एवं हिंडाल्को कंपनी द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने हिंडाल्को के प्रतिनिधि को निर्देशित किया कि टीबी उन्मूलन अभियान के तहत जरूरतमंदों के बीच टीबी किट का वितरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पाट क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए तथा इस संबंध में पीएचइडी विभाग को नियमित निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उपायुक्त ने जिन क्षेत्रों में स्कूल बस की आवश्यकता है, वहां हिंडाल्को द्वारा स्कूल बस की व्यवस्था करने के निर्देश दिए, विशेष रूप से अमतीपानी क्षेत्र पर बल दिया गया। इसके अतिरिक्त विद्यालयों में बेंच-डेस्क उपलब्ध कराने एवं जर्जर भवनों की मरम्मती कराने हेतु भी निर्देशित किया गया। उपायुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्य में तेजी लाने, जरूरतमंद नागरिकों के बीच सिलाई मशीन वितरण तथा दिव्यांगजनों के लिए ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने हेतु भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में मुख्य रूप से उप विकास आयुक्त गुमला दिलेश्वर महत्तो, सिविल सर्जन गुमला, जिला योजना पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी सहित हिंडालको कंपनी के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे।
रांकोमसं कथारा क्षेत्रीय अध्यक्ष मो वकील अंसारी का मनोनयन जारंगडीह ंराष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ की बैठक जारंगडीह स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में संपन्न हुए जिसकी अध्यक्षता जारंगडीह शाखा अध्यक्ष जोगेंद्र सोनार एवं संचालन जारंगडीह शाखा के उपाध्यक्षअशोक कुमार ओझा ने की। बैठक में सर्वसम्मति से मोहम्मद वकील अंसारी को राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ कथारा क्षेत्र का क्षेत्रीय अध्यक्ष चुना गया। बैठक में उपस्थित रीजनल सचिव वरुण कुमार सिंह एवं अन्य लोगों ने वकील अंसारी को माला पहनकर स्वागत किया। रीजनल सचिव वरुण कुमार सिंह ने कहा की मोहम्मद वकील अंसारी के कथारा क्षेत्र का अध्यक्ष बनने से संगठन को इसका लाभ मिलेगा उन्होंने 8 अप्रैल को रीजनल समिति की कथारा ऑफिसर्स क्लब में होने वाली बैठक की तैयारी पर विशेष रूप से चर्चा की। उन्होंने कहा कि बैठक में इंडियन नेशनल माइंस वर्कर फेडरेशन के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री झारखंड सरकार के एन त्रिपाठी राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ के अध्यक्ष अभय दुबे, महामंत्री ललन चौबे, सीसीएल रीजनल समिति के सभी पदाधिकारी गण, सभी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष क्षेत्रीय सचिव एवं सभी कार्यकर्ता गण उपस्थित रहेंगे । बैठक में नवनिर्वाचित क्षेत्रीय अध्यक्ष वकील अंसारी ने कहा की जो जिम्मेवारी हमें दी गई है उसे पूरी तरह निभाएंगे।